अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का स्वागत, गाय को राष्ट्रीय माता घोषित करने की मांग

जन प्रवाद, ब्यूरो।
बिजनौर। यूपी के बिजनौर पहुंचे शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का समाजवादी पार्टी के नेता अनुज मलिक और उनके समर्थकों ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने फूलों की वर्षा कर उनका अभिनंदन किया और गौ माता को राष्ट्रीय माता घोषित करने की मुहिम का समर्थन किया। 

बता दें कि गौ माता को राष्ट्रीय माता का दर्जा दिलाने के उद्देश्य से देशव्यापी जनजागरण अभियान चला रहे स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती अपने प्रवास के दौरान बिजनौर पहुंचे। उनके आगमन पर समाजवादी पार्टी के नेता अनुज मलिक के नेतृत्व में सैकड़ों समर्थकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। उनके स्वागत में फूलों की वर्षा की गई और जयकारों से पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा। इस अवसर पर अनुज मलिक ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ माता का विशेष महत्व है और उन्हें राष्ट्रीय माता का दर्जा दिलाने की मुहिम को व्यापक जनसमर्थन मिलना चाहिए। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज देशभर में भ्रमण कर गौ संरक्षण और गौ सम्मान के प्रति लोगों को जागरूक कर रहे हैं। बिजनौर में भी उनके संदेश को लोगों ने उत्साहपूर्वक सुना और अभियान के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।