अभिनेत्री कोयल मल्लिक ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया

कोलकाता, एजेंसी। बंगाली फिल्म अभिनेत्री रुक्मिणी मल्लिक ने सोमवार को राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया। उन्हें कोयल मल्लिक के नाम से भी जाना जाता है। मल्लिक के नामांकन दाखिल करते समय पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य मौजूद थे। भाजपा की ओर से मल्लिक को राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाए जाने के एक दिन बाद वह पार्टी में शामिल हो गईं।

 दिग्गज बंगाली फिल्म अभिनेता रंजीत मल्लिक की बेटी कोयल मल्लिक इससे पहले तृणमूल कांग्रेस से राज्यसभा सांसद रह चुकी हैं। उन्होंने छह अप्रैल से 16 जुलाई तक थोड़े समय के लिए सांसद के रूप में काम किया था। विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी की हार के बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया था। एक अधिकारी ने बताया कि कोयल मल्लिक ने विधानसभा भवन में विधानसभा के प्रधान सचिव के कार्यालय में अपना नामांकन दाखिल किया। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल की 12 राज्यसभा सीट के लिए 16 अक्टूबर को चुनाव होंगे। पश्चिम बंगाल विधानसभा में भाजपा के पास स्पष्ट बहुमत है।