3 अगस्त तक छाए रहेंगे बादल, हल्की बारिश होने की प्रबल संभावना

जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। दिल्ली में आगामी दिनों में मौसम खुननुमा होने वाला है। मौसम विभाग की मानें तो 29 जुलाई से तीन अगस्त तक आसमान में बादल छाए रहेंगे। इन दिनों कई इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है। ऐसे में 29 और 30 जुलाई को सुबह से दोपहर के बीच कई जगहों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश और कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है। शाम और रात के समय भी कुछ इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।


बता दें कि दिल्ली-एनसीआर में इस वर्ष बारिश के लिए लोग तरस रहे थे। समूचे यूपी में बारिश हो रही है, लेकिन दिल्ली-एनसीआर में सूखा था। ऐसे में मंगलवार को हुई बारिश से लोगों के चेहरे खिल उठे और उन्हें उमस भरी गर्मी से भी निजात मिल गई। हालांकि, बारिश ने नोएडा सहित दिल्ली की पोल खोलकर रख दी। नोएडा में सड़कें तालाब बन गईं , वहीं केंद्रीय विद्यालय के अंदर इतना पानी भर गया कि वहां से बच्चे निकल तक नहीं पाए। उन्हें परिजन अपनी गोद या फिर पीठ पर बिठाकर बाहर लेकरआए। वहीं अंडरपास का तो यह हाल था कि चार पहिया वाहन पानी में डूबे नजर आए।