जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली: दिल्ली- एनसीआर में शुक्रवार सुबह तेज हवाओं के कारण मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया। मौसम विभाग ने पूरे उत्तर भारत में बारिश की संभावना जताई है। जम्मू कश्मीर में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी ने बताया कि आज उत्तर मध्य भारत में बारिश के साथ ओला गिरने की आशंका है। जम्मू कश्मीर, दिल्ली- एनसीआर, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब के आईएमडी ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में आने वाले दिनों में भी बारिश होने की संभावना है। आईएमडी के अनुसार मौजूदा पश्चिमी विक्षोभ और अगले पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर पश्चिम भारत में 5 अप्रैल तक बारिश हो सकती है। इसके बाद अगले पश्चिमी विक्षोभ के कारण भी बारिश होने के आसार हैं। वहीं, जम्मू कश्मीर में भारी बारिश के आसार हैं।

राजस्थान में कई जगह हल्की बारिश
पश्चिमी विक्षोभ के असर से बीते 24 घंटे में राजस्थान में कई जगह हल्की बारिश हुई। मौसम केंद्र के अनुसार इस दौरान सबसे अधिक 12 मिलीमीटर बारिश देवगढ़ (राजसमन्द) में हुई। वहीं, इस अवधि में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान (38.6 डिग्री सेल्सियस) चित्तौड़गढ़ में तथा सबसे कम न्यूनतम तापमान (18.2 डिग्री सेल्सियस) अलवर में दर्ज किया गया। मौसम केंद्र के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से दो अप्रैल को दोपहर बाद जैसलमेर, बाड़मेर, फलोदी व बीकानेर संभाग के जिलों व आसपास के क्षेत्र में आंधी बारिश की गतिविधियों में पुनः बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम केंद्र ने बताया कि 3-4 अप्रैल को एक और पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव रहेगा। इससे जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में आंधी चलने व बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है। इसी तरह एक और पश्चिमी विक्षोभ 7-8 अप्रैल को राज्य के कुछ भागों में सक्रिय रहेगा।
उत्तर प्रदेश में ऐसा रहेगा मौसम
उत्तर प्रदेश के मौसम में भी आज परिवर्तन देखने को मिलेगा। मौसम विभाग का कहना है कि नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से सहारनपुर, शामली, मेरठ, नोएडा समेत पश्चिम के 18 जिलों में तेज हवा और गरज चमक के साथ बूंदाबांदी की संभावना है। शुक्रवार और शनिवार के बीच बारिश के साथ ही इन जिलों में वज्रपात और ओले गिरने की भी आशंका जताई गई है। करीब 11 जिलों में ओले गिर सकते हैं।





