तिगरी गंगा मेले में स्टंटबाजों का तांडव, कार से स्टंट कर पुलिस को दे रहे खुली चुनौती

जन प्रवाद, ब्यूरो।
अमरोहा। अमरोहा के ऐतिहासिक तिगरी गंगा मेले की तैयारियां जोरों पर हैं। वहीं दूसरी ओर कुछ रईसजादे युवा यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाते नजर आ रहे हैं। तिगरी गंगा धाम में कार से फिल्मी अंदाज में खतरनाक स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक बेखौफ होकर कार से स्टंट करते दिखाई दे रहे हैं। जरा सी चूक किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर इन स्टंटबाजों पर पुलिस कब कार्रवाई करेगी।

तस्वीरें अमरोहा जनपद के तिगरी गंगा धाम की बताई जा रही हैं, जहां कार सवार कुछ युवाओं ने फिल्मी अंदाज में खतरनाक स्टंटबाजी की। वायरल वीडियो में कार को तेज रफ्तार में घुमाते और स्टंट करते देखा जा सकता है। इस दौरान जरा सी लापरवाही कार पलटने और किसी की जान जाने का कारण बन सकती थी। एक तरफ कार्तिक पूर्णिमा के ऐतिहासिक तिगरी गंगा मेले को लेकर प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था और यातायात इंतजामों को दुरुस्त करने में जुटा है वहीं दूसरी तरफ इस तरह की स्टंटबाजी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। खुलेआम यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाते इन युवाओं की हरकत पुलिस प्रशासन के लिए भी चुनौती बनती नजर आ रही है। अब देखना होगा कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर अमरोहा पुलिस इन स्टंटबाजों के खिलाफ क्या कार्रवाई करती है।