जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। थाना जेवर पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो बदमाश घायल हुए हैं। दोनों के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने घायलावस्था में दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने पिस्टल, जिंदा व खोखा कारतूस बरामद किए हैं। 
जानकारी के अनुसार थाना जेवर पुलिस झांझर रोड पावर हाउस के पास चेकिंग कर रही थी। तभी सामने से दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वह रूके नहीं बल्कि मुडकर भागने का प्रयास करने लगे। शक होने पर पुलिस ने दोनों व्यक्तियों का पीछा किया। अपने आप को घिरता देख दोनों व्यक्तियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। 
पुलिस टीम की ओर से की गई आत्मरक्षा की कार्रवाई में दोनों अभियुक्तों के पैर में गोली लगी है। गोली लगने से दोनों जमीन के नीचे गिर गए। पुलिस ने उनकी पहचान शेरू उर्फ शेर मुहम्मद पुत्र यूसुफ निवासी जेवर एवं मौसीम पुत्र सगीर निवासी मोहल्ला पठानटोला थाना पहासू जनपद बुलंदशहर के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो अवैध पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस एवं दो खोखा कारतूस बरामद हुए हैं। घायल अभियुक्तों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस मुठभेड़ में दो गिरफ्तार, दोनों के पैर में लगी गोली
03-Nov-2026





