जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली: गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। देश के एक हिस्से में लोग पसीने से तर-बतर हैं, तो कहीं बादलों ने आसमान में डेरा डाल लिया है। मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट ने चिंता बढ़ा दी है क्योंकि देश के अलग-अलग हिस्सों में एक साथ दो तरह की मौसम की मार पड़ने वाली है। भारत में एक तरफ जहां मैदानी इलाकों में लू के थपेड़े परेशान कर रहे हैं, वहीं पहाड़ों और पूर्वोत्तर में कुदरत का अलग ही रंग देखने को मिल रहा है। मौसम का यह उतार-चढ़ाव न केवल सेहत के लिए चुनौती बना हुआ है, बल्कि रोजमर्रा के कामकाज पर भी इसका बड़ा असर पड़ रहा है।
प्रचंड गर्मी के बीच 10 राज्यों में होगी बारिश
मौसम विभाग ने अपनी ताजा भविष्यवाणी में बताया है कि उत्तर भारत के अधिकतर इलाके इस समय भीषण लू की चपेट में हैं। हालांकि, इसी बीच 10 राज्यों में आंधी-तूफान के साथ बारिश होने का अनुमान भी लगाया गया है। इस लिस्ट में सबसे ऊपर असम का नाम शामिल है, जहां अगले तीन दिनों तक मूसलाधार बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर और त्रिपुरा जैसे राज्यों में भी बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में भी कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है।

दिल्ली से लेकर यूपी तक लू ने छुड़ाए पसीने
राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में सूरज की तपिश अब बर्दाश्त से बाहर होने लगी है। दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है और आने वाले दिनों में इसके 42 डिग्री तक जाने के आसार हैं। मौसम विभाग ने हीट वेव को लेकर येलो अलर्ट भी जारी कर दिया है। उत्तर प्रदेश की बात करें तो वहां भी हालात कुछ जुदा नहीं हैं। प्रयागराज में पारा 44.4 डिग्री तक जा पहुंचा है, जो राज्य में सबसे अधिक दर्ज किया गया है। लखनऊ समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में जबरदस्त लू चल रही है, जिससे दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा है।





