जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली। एनसीआर और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गरज के साथ बारिश और ओलावृष्टि होने के मौसम पूवार्नुमान को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया, जबकि कुछ क्षेत्रों के लिए आॅरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। अधिकारियों ने मौसम खराब रहने के मद्देनजर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। बता दें कि रेड अलर्ट का अर्थ है तत्काल कार्रवाई करें, जो मौसम संबंधी गंभीर परिस्थितियों का संकेत देता है।
चलेगी तेज आंधी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, एनसीआर में गरज के साथ बारिश होने, ओलावृष्टि, धूल भरी आंधी चलने और मध्यम बारिश होने की प्रबल आशंका है। इस दौरान 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती है। आईएमडी ने बताया कि बाहरी उत्तरी दिल्ली, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली, उत्तरी दिल्ली और गौतमबुद्धनगर कुछ हिस्सों, मध्य दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली और शाहदरा के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं गाजियायबाद समेत कुछ इलाकों के लिए आॅरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा जबकि दक्षिणी दिल्ली, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली और उत्तरी दिल्ली के कुछ हिस्सों के लिए भी ओंज एलर्ट जारी किया गया है।
सतर्क रहने की सलाह
दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न इलाकों में भी कुछ स्थानों पर इसी तरह से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज हवाओं के कारण बड़े पेड़ों की शाखाएं टूट सकती हैं, कमजोर या पुराने पेड़ उखड़ सकते हैं, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों पर आकाशीय बिजली गिरने का खतरा है। मौसम विभाग ने इसके अलावा कच्चे मकानों, झोपड़ियों और कमजोर ढांचों को नुकसान पहुंचने, चारदीवारी के आंशिक रूप से गिरने, वाहन चलाने में कठिनाई और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी जताई है। अधिकारियों ने लोगों को सुरक्षित इमारतों में रहने, कमजोर ढांचों से दूर रहने और तेज हवाओं के दौरान खिड़कियों से दूर रहने की सलाह दी है।





