कहीं बारिश तो कहीं गर्मी, जानिए देश भर में कैसा है मौसम का हाल 

जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली: देश भर के अलग- अलग हिस्सों में मौसम के अलग- अलग तेवर देखने को मिल रहे है। मैदानी इलाकों में जहां भीषण गर्मी पड़ रही है वहीं दक्षिण भारत में रुक- रुक कर बारिश हो रही है। मौसम के अलग- अलग तेवर के चलते लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।  मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पूर्वी मध्य प्रदेश सहित विदर्भ, मराठवाड़ा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और उत्तर प्रदेश में अधिकतम तापमान 40°C से 45°C के बीच दर्ज किया जा रहा है। इसके अलावा 25 अप्रैल तक हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, झारखंड, ओडिशा और गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल के कुछ अलग-अलग हिस्सों में लू की स्थिति बनने की संभावना है। 

लू के दौरान स्वास्थ्य का रखें ध्यान
मौसम विभाग की ओर से लू के लिए एडवाइजरी भी जारी की गई है। जारी एडवाइजरी के अनुसार दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक घर से कम निकले। बेहद जरुरी काम हो तो तभी निकलें। इसके अलावा पोषक तत्व युक्त फलों का सेवन करें। खीरा, दही, तरबूज आदि को भोजन में शामिल करें। इसके अलावा कम मसालें वाला खाना खाएं और बाहर का खाना खाने से बचें। 

इन जगहों पर बारिश की भी जताई गई है संभावना 
मौसम विभाग के मुताबिक, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। 22-25 अप्रैल के बीच तमिलनाडु, तटीय कर्नाटक, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक, असम के कुछ अलग-अलग हिस्सों में बहुत भारी बारिश (12-20 सेमी) दर्ज की गई, जबकि नागालैंड में 7-11 सेमी के बीच भारी बारिश हुई। इस बीच, 50-80 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से चलने वाली तेज़ हवाओं के साथ आए तूफ़ान ने मराठवाड़ा, ओडिशा, मध्य महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, अरुणाचल प्रदेश, और असम व मेघालय को प्रभावित किया।