जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली: देशभर में मौसम की मार अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगी। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में बारिश और आंधी-तूफान का क्रम देखने को मिल सकता है तो वहीं पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी जारी रहने का अनुमान है। मौसम में आया ये परिवर्तन पश्चिमी विक्षोभ के कारण है।
उत्तर भारत के मैदानी इलाकों की बात की जाए तो देश की राजधानी दिल्ली सहित, उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान के साथ-साथ 12 राज्यों में आंधी-बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले तीन-चार दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत और पूर्वी भारत में आंधी-तूफान के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान कई इलाकों में 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

आपके राज्य और शहर में कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर (9 से 11 अप्रैल): देश की राजधानी में 9 अप्रैल को मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है, जिसमें अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। फिलहाल किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है। हालांकि, इस दौरान 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हल्की हवाएं चलेंगी। मौसम विभाग के अनुसार, 10 और 11 अप्रैल को दिल्ली के आसमान साफ रहेगा। दिन के समय 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के लोगों को सालों बाद साफ और ताजी हवा का अनुभव हो रहा है। लगातार हो रही बारिश, आंधी और तेज हवाओं के कारण वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है।
उत्तर प्रदेश (9 से 10 अप्रैल): पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर प्रदेश में आज (9 अप्रैल) आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि का अलर्ट है। ऐसे में राज्य में तापमान 2 से 4 डिग्री और गिरेगा। IMD के अनुसार 9 अप्रैल को अलीगढ़, मधुरा, हाथरस कासगंज एटा आगरा फिरोजाबाद मैनपुरी, इटावा एवं आसपास के इलाकों में ओलावृष्टि हो सकती है। जबकि गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा के आसपास के इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। 11 अप्रैल को भी मौसम कुछ इसी तरह रहने का अनुमान है।





