ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने को लेकर ऑरेंज अलर्ट, बेमौसम बारिश से फसलों को नुकसान

जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली: जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बारिश, तेज हवा, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में तेज हवाएं चलने और ओले गिरने की भी संभावना है। आने वाले दिनों में झारखंड और बिहार में बारिश के साथ ओले गिरने की आशंका है। वहीं, जम्मू कश्मीर में बेमौसम बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं।

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में शुक्रवार को गर्मी के बीच बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रयागराज में शुक्रवार को 5.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। प्रयागराज के अलावा, वाराणसी,  गाजीपुर, फुरसतगंज और सुलतानपुर में भी हल्की बारिश हुई। राज्य की राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, सुलतानपुर राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां पारा 38.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। नोए़डा में भी शुक्रवार शाम घने काले बादल छाए रहे वहीं हल्की बूंदाबांदी भी हुई। शनिवार सुबह भी आसमान में हल्के बादल छाए रहे।शनिवार को भी बारिश की आशंका जताई गई है। 

महाराष्ट्र में बेमौसम बारिश से फसलों को नुकसान
महाराष्ट्र के कई जिलों में पिछले कुछ दिनों में बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं के कारण फसलों को व्यापक नुकसान हुआ है और सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि राज्य में 1.22 लाख हेक्टेयर से अधिक भूमि पर फसल को नुकसान की सूचना मिली है। अधिकारियों ने बताया कि उत्तरी महाराष्ट्र के नासिक क्षेत्र में बारिश से संबंधित घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई है। राज्य के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि सरकार प्रभावित किसानों को मुआवजा प्रदान करेगी। उन्होंने बताया कि नुकसान की सीमा का आकलन करने के लिए कई क्षेत्रों में सर्वेक्षण जारी है।