यूपी के 20 जिलों में ‘हीटवेव’ का अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी की एडवायजरी 

जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। अप्रैल महीने की शुरूआत जहां सुहानी रही वहीं, अब मौसम अपना असली रंग दिखाने लगा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताज़ा बुलेटिन के अनुसार आज यानी 14 अप्रैल से उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में पारा तेजी से चढ़ेगा और लोगों को लू का सामना करना पड़ेगा। 

यूपी के 20 जिलों में ‘हीटवेव’ का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में पछुआ हवाओं की रफ्तार धीमी पड़ते ही सूरज के तेवर तल्ख हो गए हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोत्तरी का अनुमान लगाया है। 14 अप्रैल को लखनऊ समेत प्रदेश के 20 से ज्यादा जिलों में भीषण गर्मी पड़ने वाली है। 

इन जिलों में बढ़ेगी तपिश
मेरठ, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर (नोएडा), सहारनपुर, शामली, बागपत, हापुड़, बिजनौर, बरेली, आगरा, मथुरा, हाथरस, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, जौनपुर, देवरिया, मिर्जापुर और अयोध्या में पारा 38 से 40 डिग्री के पार जा सकता है। राजधानी लखनऊ की बात करें तो यहां आज अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है हालांकि, रात के समय आंशिक नमी रह सकती है, लेकिन दिन में उमस और तपिश बेहाल करेगी। 

पश्चिमी विक्षोभ कमजोर, राहत की उम्मीद नहीं
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 15 अप्रैल को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, लेकिन यह इतना कमजोर है कि मैदानी इलाकों पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा। इसका प्रभाव केवल हिमालयी क्षेत्रों तक सीमित रहेगा। उत्तर प्रदेश के मैदानी भागों, विशेषकर गंगा के किनारे वाले शहरों में बारिश की कोई संभावना नहीं है। अगले दो सप्ताह तक मौसम पूरी तरह शुष्क रहने वाला है। 

दोपहर 12 से 4 बजे तक रहें सावधान
बढ़ते पारे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग और मौसम विभाग ने एडवायजरी जारी की है। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच घर से बाहर निकलने पर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। तेज धूप और 20-25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली गर्म हवाएं शरीर को डिहाइड्रेट कर सकती हैं। हालांकि, राहत की बात यह है कि उत्तर दिशा से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण सुबह और रात का तापमान फिलहाल सामान्य बना रहेगा जिससे रातें बहुत ज्यादा गर्म नहीं होंगी।