जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश में पिछले एक हफ्ते से जारी आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का सिलसिला अब थम गया है। मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार आज यानी 11 अप्रैल से प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ते ही अब सूरज की तपिश लोगों को बेहाल करेगी। मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि अगले एक सप्ताह के भीतर पारा 10 डिग्री सेल्सियस तक उछल सकता है जिससे कई जिलों में तापमान 45 डिग्री के पार जाने की आशंका है।
बारिश की संभावना खत्म, खिलेगी तेज धूप
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, प्रदेश में फिलहाल किसी नए मौसमी सिस्टम के सक्रिय होने के आसार नहीं हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगले 15 दिनों तक उत्तर प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा। आसमान साफ रहने के कारण दिन के तापमान में 2 से 4 डिग्री की तत्काल बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। 15 अप्रैल के बाद भी बारिश की कोई उम्मीद नहीं है, जिसका सीधा मतलब है कि अब यूपीवासियों को ‘लू’ और भीषण
गर्मी के लिए तैयार रहना होगा।

गाजियाबाद और पश्चिमी यूपी में गर्मी का ‘टॉर्चर’ शुरू
गाजियाबाद समेत पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से हो रही छिटपुट बारिश अब बंद हो चुकी है। शनिवार, 11 अप्रैल को गाजियाबाद में सुबह से ही तेज धूप निकली है। यहां पिछले 36 घंटों में तापमान में 3 डिग्री का इजाफा हुआ है। हालांकि, 18 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाओं ने सुबह के वक्त थोड़ी राहत दी है लेकिन दोपहर होते-होते पारा 30 से 32 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। आने वाले एक हफ्ते में यहां तापमान 40 डिग्री के स्तर को पार कर सकता है।
इन जिलों में 40 से 45 डिग्री तक पहुंचेगा पारा
मौसम विभाग के अनुसार, कल से ही उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी का असर दिखने लगा है। प्रयागराज, वाराणसी, आगरा और कानपुर जैसे जिलों में सूरज के तेवर सख्त रहेंगे।





