पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में बदलाव, 12 से अधिक राज्यों में आंधी-तूफान, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली:  देश भर के 12 से अधिक राज्यों में एक बार फिर मौसम विभाग ने आंधी-तूफान, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। उत्तर भारत में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है। विभाग के अनुसार अप्रैल के महीने में पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में खासा बदलाव आया है। पश्चिमी विक्षोभ का असर मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, असम और पूर्वोत्तर राज्य और दक्षिण में आंध्र प्रदेश तक देखा जा रहा है। मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के साथ-साथ हवा की दिशा में परिवर्तन के कारण हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण बुधवार को भी राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना है। 

दिल्ली-एनसीआर समेत इन राज्यों में होगी बारिश
मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब में मौसम खराब रहने का अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों के दौरान इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर गरज-चमक की संभावना है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसके चलते तापमान में गिरावट आने और गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।

राजस्थान के इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम केंद्र के मुताबिक, बुधवार को जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ मध्यम से तेज बारिश होने का अनुमान है।

यूपी के कई जिलों में आज भी होगी बारिश
उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं और गरज के साथ बारिश ने लखनऊ समेत कई क्षेत्रों को प्रभावित किया। राजधानी लखनऊ में बादल छाए रहे, बिजली चमकी और हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बड़े हिस्से में भी ऐसा ही मौसम रहा। विभाग के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से लेकर पूर्वी उत्तर प्रदेश के सोनभद्र और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के आगरा तक कई जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई। बुधवार को भी यूपी के कई जिलों में बारिश की आशंक जताई है।