जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली: उत्तर-पश्चिम भारत में नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव को देखते हुए भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने आज सोमवार को हल्की बारिश और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को भी छिटपुट बारिश की संभावना है। 2 अप्रैल को एक और पश्चिमी विक्षोभ के चलते 3 और 4 अप्रैल को दिल्ली में बहुत हल्की बारिश हो सकती है। राजधानी दिल्ली में बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी होने के बावजूद दिन भर धूप खिली रही। शहर का अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 4 डिग्री अधिक और 11 मार्च को दर्ज किए गए मौसम के हाई टेंपरेचर से 36.8 डिग्री सेल्सियस के करीब था। न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक था।
दिल्ली में आज बारिश
IMD के मुताबिक दिल्ली में आज बारिश की संभावना है। अप्रैल की शुरुआत अपेक्षाकृत ठंडी रहने की संभावना है। इसके बाद 2 और 3 अप्रैल के आसपास एक और पश्चिमी विक्षोभ मिलेगा, जिसके बाद 6 से 9 अप्रैल के बीच एक और विक्षोभ आएगा, इसलिए तापमान में बहुत तेजी से वृद्धि होने की संभावना नहीं है।

ठंडा रहेगा अप्रैल
मौसम विज्ञान के जानकार नवदीप दहिया के अनुसार अगले महीने भी पश्चिमी विक्षोभ जारी रहने की संभावना है, जिससे अप्रैल के अंत तक लू नहीं चलेगी। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण तापमान नियंत्रण में रहेगा और अनुमान है कि देश के उत्तर-पश्चिमी और मध्य भागों में कम से कम 20 अप्रैल तक तापमान सामान्य से 2-5 डिग्री सेल्सियस कम रहेगा।
पश्चिमी विक्षोभ का असर
दिल्ली में मार्च की शुरुआत गर्म मौसम के साथ हुई और बारिश कम हुई, लेकिन दूसरे पखवाड़े में कई पश्चिमी विक्षोभों के कारण क्षेत्र में नमी और बारिश हुई.। शहर में मौसम अपेक्षाकृत ठंडा रहा, लेकिन पिछले 48 घंटों में तापमान में लगभग 4 डिग्री सेल्सियस की तेजी से वृद्धि हुई है।





