कल से फिर करवट बदलेगा मौसम, पश्चिमी यूपी में आंधी और बारिश

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आगामी 24 घंटे बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं के साथ बारिश कहर फिर से शुरू होने का अनुमान है। इसके बाद 16 अक्टूबर को बारिश का असर पूर्वी उत्तर प्रदेश के तराई क्षेत्रों और आसपास के मध्यवर्ती जिलों तक पहुंच जाएगा। मौसम विभाग की मानें तो 17 अक्तूबर के बाद प्रदेश में मौसम एक बार फिर शुष्क हो जाने के आसार हैं। बेमौसम होने वाली बारिश से किसान काफी परेशान हैं। चूंकि, दो पहले पहले बंद हुई बारिश फिर से हुई तो ज्यादातर फसलें बर्बाद होंगी। इससे पूर्व लगातार बारिश ने फसलों को चौपट कर दिया। खासकर पूर्वी उत्तर प्रदेश यहां तक कि राजधानी लखनऊ भी बाढ़ की चपेट में है। 


बता दें कि उत्तर प्रदेश में आगामी 24 घंटे में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। इसके बाद 15 और 16 अक्टूबर को नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के मौसम फिर से पूरी तरह से बदल जाएगा। इस दौरान तराई क्षेत्र और उससे सटे मध्यवर्ती जिलों में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। हालांकि, भारी बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। 16 अक्टूबर को लखनऊ में भी बारिश होने की संभावना जताई गई है। 


हल्की बारिश के बाद तापमान में हल्की गिरावट भी आएगी। मौसम में इस बदलाव की वजह पश्चिमी विक्षोभ को माना जा रहा है। इसके प्रभाव से पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम बदलेगा। इसके बाद वर्षा का दौर पूर्वी उत्तर प्रदेश के तराई वाले इलाकों और उनसे सटे मध्यवर्ती जिलों को प्रभावित कर सकता है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। हालांकि, 17 अक्तूबर के बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियां थमने और मौसम के फिर से शुष्क होने की संभावना जताई गई है।