जन प्रवाद, ब्यूरो।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश कई जिलों में लगातार हो रही बारिश के बाद फिलहाल अगले तीन दिनों के लिए मानसून की रफ्तार धीमी पड़ जाएगी। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार से अगले तीन दिन तक प्रदेश में बारिश धीमी हो जाएगी। साथ ही बुंदेलखंड और दक्षिणी यूपी के कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश का दौर जारी रहेगा।

बता दें कि पूर्वी यूपी के मऊ जिले में बुधवार को प्रदेश में सबसे अधिक 72 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। इसके अलावा ललितपुर में 70 मिमी, सोनभद्र में 58 मिमी और प्रयागराज में 41.5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र कमजोर पड़ गया है। इसके अलावा मानसून रेखा भी दक्षिण की ओर खिसक गई है। इसलिए 23 से 25 जुलाई के बीच प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां काफी कमजोर होंगी। मौसम विभाग के अनुसार 26 और 27 जुलाई को प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश होने का अनुमान है।





