कल से फिर बारिश का दौर शुरू, पूर्वांचल के कुछ जिलों सक्रिय होगा मानसून

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। बुधवार को दिल्ली-एनसीआर में तेज धूप निकली, वहीं यूपी के ज्यादातर पूर्वी और मध्य हिस्सों में बारिश नहीं हुई। मौसम विभाग के अनुसार 13 अगस्त से पुन: पूर्वांचल से मानसूनी गतिविधियां शुरू होने के आसार हैं। 
इसके बाद मध्य और पश्चिमी यूपी में बारिश शुरू जाएगी।


मौसम विभाग के अनुसार उत्तर पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में बिना चक्रवाती परिसंचरण 12 अगस्त मक निम्न दबाव क्षेत्र में बदल सकता है। इसके प्रभाव से 13 अगस्त से प्रदेश में व्यापक बारिश का दौर शुरू होने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 13 अगस्त को सुबह 8:30 बजे से अगले दिन यानी 14 अगस्त 8:30 तक सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, सुल्तानपुर, अयोध्या के साथ ही अंबेडकरनगर सहित आसपास के क्षेत्रों में बारिश की आशंका जताई गई है। 

बता दें कि प्रदेश में मानसून की रफ्तार फिर से थम गई है। आसमान से बादल छटने लगे हैं। हालांकि, पहाड़ों पर हो रही बारिश से गंगा-यमुना समेत 10 नदियां उफान पर हैं। उन्नाव में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। कई गांवों में पानी घुस गया है। गलियों तालाब में तब्दील हैं जिनमें नावें तक चलाने की नौबत आ गई है। 


सहारनपुर में बरसाती नदियां उफान पर हैं। शाहपुर गाड़ा नदी पर बना पुल डूब गया है। लोग जान जोखिम में डालकर तेज बहाव के बीच नदी पार करने पर मजबूर हैं। मंगलवार को बाइक से जा रहे 3 लोग पुल पर तेज बहाव में फंसकर बहने लगे। ईश्वर की कृपा रही कि उन्होंने धैर्य से काम लिया और अपने आप को संभाल लिया। 


इसके साथ ही वाराणसी में घाटों की सीढ़ियां डूब गई हैं। सभी 84 घाटों को आपस में जोड़ने वाले रास्ते भी जलमग्न हो गए। मथुरा और आगरा में यमुना नदी का पानी घाटों की सीढ़ियों तक पहुंच गया है। वृंदावन में केशीघाट का परिक्रमा मार्ग जलमग्न हो गया है। वहीं फर्रूखाबाद के 40 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। बुधवार को नोएडा, दिल्ली व एनसीर में मौसम पूरी तरह से साफ रहा। इसके अलावा लखनऊ, कानपुर और वाराणसी समेत ज्यादातर शहरों में मौसम साफ है। सहारनपुर और आगरा समेत पश्चिमी यूपी के कुछ शहरों में बादल छाए हैं। हालांकि, मौसम विभाग ने गुरुवार को 28 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।