जन प्रवाद, ब्यूरो।
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में मौसम संबंधी पूर्व चेतावनी प्रणाली को और अधिक सटीक, त्वरित एवं जनकेंद्रित बनाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने गांवों एवं संवेदनशील क्षेत्रों तक ‘लास्ट माइल कनेक्टिविटी’ सुनिश्चित करने के लिए आईवीआरएस, पंचायत स्तर पर लाउडस्पीकर, स्थानीय एफएम रेडियो, मोबाइल अलर्ट एवं सोशल मीडिया के व्यापक उपयोग पर जोर दिया है, ताकि मौसम संबंधी चेतावनियां समय रहते प्रत्येक नागरिक तक पहुंच सकें।

प्रदेश में वर्तमान में 450 आॅटोमैटिक वेदर स्टेशन एवं 2,000 आॅटोमैटिक रेन गेज के माध्यम से मौसम की निगरानी की जा रही है। साथ ही विभिन्न जनपदों में डॉप्लर वेदर रडार स्थापित कर मौसम आपदाओं से निपटने हेतु तकनीकी क्षमता को और सुदृढ़ किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने जनजागरूकता, तकनीकी सशक्तीकरण एवं समन्वित आपदा प्रबंधन के माध्यम से प्रदेश को मौसम आपदाओं के प्रति अधिक सुरक्षित एवं तैयार बनाने के निर्देश दिए हैं।





