दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम, बारिश से तापमान में आई गिरावट

जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। चक्रवाती तूफान अर्नब का असर अब दिल्ली-एनसीआर में दिखने लगा है। नोएडा में शुक्रवार सुबह से ही हो रही रिमझिम बारिश ने मौसम बदल दिया है। तापमान में भी गिरावट आई है। वहीं, सुबह स्कूल जाने वाले छात्रों को काफी परेशानी हुई। सुबह ठंडा मौसम और लगातार हो रही बारिश से सुबह जल्दी ऑफिस जाने वाले लोग देरी से अपने-अपने दफ्तर पहुंचे।


बता दें कि गुरुवार को काशी से अयोध्या और गोरखपुर से मेरठ तक मौसम ने करवट ली। कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई तो कहीं घने बादलों ने धूप रोक दी। इससे तापमान गिरा और ठंड का अहसास बढ़ गया। शुक्रवार को भी दिल्ली-एनसीआर सहित पूरे प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल गया। राजधानी लखनऊ और उसके आसपास के जिलों में सुबह से गहरे बादल छाए हुए हैं।


मौसम विभाग के अनुसार तराई के छह जिलों में अति भारी बारिश हो सकती है, जबकि पूर्वी यूपी के 13 जिलों में भारी बारिश की संभावना है। पश्चिमी यूपी के नौ जिलों में ओले गिरने के आसार हैं। वहीं प्रदेश के 50 जिलों में गरज-चमक के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।


गुरुवार रात को ही दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहे। करवाचौथ का व्रत रखने वाली महिलाएं छतों पर चांद का दीदार करने के लिए इंतजार करती रहीं, लेकिन चांद नजर नहीं आया।
बारिश और तेज हवाओं से तापमान में गिरावट आई और मौसम में ठंडक बढ़ गई। 23.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ मेरठ में सबसे ठंडा दिन रहा। वहीं 16.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ मुजफ्फरनगर में सबसे ठंडी रात रही। मौसम विभाग के अनुसार चक्रवाती तूफान अर्नब और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक की गतिविधियां हो सकती हैं।