जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। राजधानी लखनऊ में हुए ट्रिपल मर्डर का वीडियो सामने आने के बाद लोगों में दहशत है। वारदात में आरएसएस नेता शिवा तिवारी, उनके बेटे सुयश और भाई शिवेंद्र को ताबड़तोड़ फायरिंग कर मौत के घाट उतार दिया गया था। वीडियो में दिख रहा है कि हत्यारा ऋषभ शुक्ला पहले आरएसएस नेता के बेटे सुयश को गोली मारता है। पिता शिवा तिवारी बेटे को बचाने आते हैं तो उनके सिर में गोली मार देता है। शिवा के गिरने पर दो और गोलियां मारता है। पिस्टल खाली हो जाती है तो दोबारा मैगजीन लोड करता है। शिवा के भाई शिवेंद्र आते हैं तो उन्हें भी गोलियां मारता है। इस दौरान शिवा तिवारी की बेटी और अन्य महिलाएं चीखती चिल्लाती रहती हैं। आसपास के कुछ लोग जब गोली से घायल लोगों को उठाने आते हैं तो उन्हें भी पिस्टल दिखाकर धमकाता है। तीन लोगों की हत्या का यह लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दरअसल, पूरा विवाद शिवा तिवारी और पड़ोसी ऋषभ शुक्ला के बीच पेड़ का चबूतरा बनाने और वहां कार खड़ी करने को लेकर हुआ था। सबसे पहले शिवा के बेटे सुयश और ऋषभ के बीच विवाद और मारपीट होती है। इसके बाद ऋषभ गोलीबारी शुरू कर देता है। वह पहले से ही पिस्टल लेकर आया था।

वायरल वीडियो में आप देख सकते हैं कि सबसे पहले ऋषभ कार के पास सुयश से भिड़ा। सुयश को कार के पास गिरा दिया और पेट में गोली मार दी। सुयश को तड़पता देख शिवाजी बचाने दौड़े तो उनके सिर में गोली दाग दी। शिवाजी के भाई शिवेंद्र पहुंचे तो ऋषभ ने उन्हें भी गोली मार दी। दूसरी बार गोली मारने के लिए ऋषभ ने फिर पिस्टल तानी तो शिवेंद्र की बेटी सुमेधा चीखने लगी। इसके बाद भी शिवेंद्र को दूसरी गोली मारी। इसके बाद ऋषभ जोर-जोर से चीखता है।
पिता, चाचा और भाई को पिटता देख सुमेधा चीखते हुए भागकर मंदिर के पास पहुंची थी। वीडियो में दिख रहा है कि ऋषभ की बहन ने शिवेंद्र को डंडा मारा जिससे वह गिर गया। इसके बाद ऋषभ पिस्टल लेकर दौड़कर पहुंचा। उसने शिवेंद्र को गोली मारी। सुमेधा उसके आगे हाथ जोड़कर जान की भीख मांग रही थी। इसके बाद भी ऋषभ नहीं माना उसने दूसरा फायर शिवेंद्र पर झोंका और फिर वापस शिवाजी के पास आ गया।





