नौसेना को मिला स्वदेशी युद्धपोत, 3300 किलोमीटर तक दुश्मन की पनडुब्बी को करेगा खाक

जनप्रवाद ब्यूरो, नोएडा। भारतीय नौसेना की समुद्री ताकत में एक और स्वदेशी युद्धपोत जुड़ गया। रक्षा मंत्रालय के सार्वजनिक उपक्रम जीआरएसई ने पनडुब्बी रोधी युद्धपोत आशंक को नौसेना को सौंप दिया। इस युद्धपोत की रेज 3300 किलोमीटर है। यह टॉरपीडो-रॉकेट से लैस है। यह दुश्मन की पनडुब्बी को सूंघकर खोज निकालता है। कुल मिलाकर इस महीने नौसेना को तीन युद्धपोत मिले हैं।
समुद्री सुरक्षा को मिली नई धार 

भारतीय नौसेना की समुद्री सुरक्षा क्षमता को नई धार मिली है। रक्षा मंत्रालय के सार्वजनिक उपक्रम कोलकाता स्थित रक्षा पीएसयू गार्डनरीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स यानी जीआरएसई ने पनडुब्बी रोधी युद्धपोत आशंक नौसेना को सौंप दिया। यह समुद्र में दुश्मन की पनडुब्बियों की तलाश और उनसे निपटने में यह पोत अहम भूमिका निभाएगा। खासकर तटीय इलाकों और कम गहराई वाले समुद्र में इसी तैनाती उपयोगी होगी। कंपनी ने अब तक 120 युद्धपोत बनाए हैं। इनमें से 82 भारतीय नौसेना के बेड़े में शामिल हैं। इससे पहले 5 नवंबर को अमिनी युद्धपोत की आपूर्ति की गई थी। आशंक को पूर्वी नौसेना कमान के मुख्यालय में मुख्य स्टाफ अधिकारी रियर एडमिरल गौतम मरवाहा की मौजूदगी में नौसेना को सुपुर्द किया गया। बता दें कि आशंक नाम का अर्थ है निडरता और निर्भीकता। अपने नाम के अनुरूप यह युद्धपोत समुद्र में छिपी दुश्मन की पनडुब्बियों का पता लगाने और उनसे निपटने में भारतीय नौसेना की मदद करेगा। इसे खास तौर पर तटीय और उथले समुद्री क्षेत्रों में पनडुब्बी रोधी अभियानों के लिए तैयार किया गया है। इससे समुद्र के तटीय इलाकों में भारतीय नौसेना की निगरानी और कार्रवाई करने की क्षमता मजबूत होगी।
स्वदेशी निर्माण बड़ी खासियत

आशंक की एक बड़ी खासियत इसका स्वदेशी निर्माण है। इसमें करीब 88 प्रतिशत उपकरण और प्रणालियां देश में ही तैयार की गई हैं। युद्धपोत पर लगी 30 मिलीमीटर की नौसैनिक सतही तोप भी जीआरएसई ने बनाई है। यह युद्धपोत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और स्वदेशी तकनीक की बढ़ती ताकत का उदाहरण है। इस युद्धपोत की आपूर्ति के साथ जीआरएसई अब तक 120 युद्धपोत बना चुका है। इनमें से 82 भारतीय नौसेना को सौंपे जा चुके हैं। जीआरएसई का कहना है कि फिलहाल वह 12 प्रमुख अन्य नौसैनिक पोतों का निर्माण कर रही है। इनमें एक उन्नत स्टील्थ फ्रिगेट, दो पनडुब्बी रोधी युद्धपोत, चार अगली पीढ़ी के अपतटीय गश्ती पोत और पांच अगली पीढ़ी के कार्वेट शामिल हैं। इसके अलावा 36 अन्य पोत भी बनाए जा रहे हैं, जिनमें 13 निर्यात के लिए हैं। इस तरह जीआरएसई एक ओर भारतीय नौसेना की समुद्री ताकत बढ़ाने में जुटा है तो दूसरी ओर स्वदेशी युद्धपोत निर्माण के क्षेत्र में देश की क्षमता का भी विस्तार कर रहा है।
समुद्री स्पोर्ट क्राफ्ट डीएससी ए21 शामिल

20 नवंबर को भी नौसेना को एक बड़ी सफलता मिली थी। नौसेना के बेड़े में समुद्री स्पोर्ट क्राफ्ट डीएससी ए21 को शामिल किया गया था। डीएससी ए21, पांच गोताखोरी सहायता पोतों की परियोजना के तहत बनाया गया दूसरा पोत है। इसे नौसेना के डॉकयार्ड में नौसेना को सौंपा गया। यह पोत समुद्र की गहराइयों में गोताखोरों के अभियानों से लेकर पानी के नीचे निरीक्षण और मरम्मत जैसे महत्वपूर्ण कामों में मदद करेगा। बता दें कि पांच नवंबर को अमिनी युद्धपोत को भी नौसेना में शमिल किया गया था।  यह नौसेना के लिए बनाए जा रहे आठ एंटी सबमरीन वारफेयर शैलो वाटर क्राफ्ट यानी एएसडब्ल्यू-एसडब्ल्यूसी श्रृंखला का पांचवां युद्धपोत है। यह जीआरएसई का निर्मित 119वां और नौसेना को सौंपा गया 81वां युद्धपोत है। करीब 77.6 मीटर लंबे इस युद्धपोत को तटीय समुद्री क्षेत्रों में अभियान के लिए तैयार किया गया है। यह पानी के भीतर निगरानी, तलाशी और हमला करने के साथ विमानों के समन्वय से पनडुब्बी रोधी अभियान चलाने में सक्षम है। इसमें अत्याधुनिक काम्बैट मैनेजमेंट सिस्टम, हल्के टारपीडो और पनडुब्बी रोधी राकेट लगे हैं। समुद्री डीजल इंजन और वाटरजेट प्रणोदन प्रणाली से लैस यह पोत करीब 2.7 मीटर ड्राफ्ट के कारण उथले समुद्री जल में भी आसानी से संचालन कर सकता है। अमिनी में करीब 88 प्रतिशत स्वदेशी उपकरणों का इस्तेमाल हुआ है। इसमें जीआरएसई निर्मित 30 एमएम की तोप लगी है।