नेपाल, भारत, भूटान, बांग्लादेश और चीन में भूकंप, खतरे की सुनाई दे रही बड़ी आहट

जनप्रवाद ब्यूरो, नोएडा। हिमालय के आसपास स्थित देशों पर नए खतरे की आहट की रिपोर्ट पूरी तरह सच साबित होेने लगी है। नेपाल के कोशी प्रांत में आज सुबह 5.4 तीव्रता का भूकंप आया। इसके झटके भारत, भूटान, बांग्लादेश और चीन के कई इलाकों में महसूस किए गए। 
कोशी प्रांत में भूकंप के झटके 

नेपाल के कोशी प्रांत में आज सुबह सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण यानी यूएसजीएस के अनुसार इसकी तीव्रता 5.4 थी। यहां गौर करने वाली बात यह है कि भूकंप के झटके के केवल नेपाल में महसूस नहीं किए गए बल्कि भारत, भूटान और बांग्लादेश के कई इलाकों में महसूस किए गए। चीन से भी झटके महसूस होने की रिपोर्ट सामने आईं। भूकंप सुबह करीब 7:02 बजे आया। इसका केंद्र कोशी प्रांत के लेलेप के पास था। सकी गहराई जमीन से 20 किलोमीटर नीचे थी। फिलहाल इस इनपुट के आधार पर किसी तरह के जान-माल के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है। 
हिमाचली क्षेत्र को लेकर बड़ी भविष्यवाणी

 

बता दें कि एक दिन पहले ही वैज्ञानिकों ने नेपाल के हिमाचली क्षेत्र को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की थी। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार नेपाल, पाकिस्तान, अफगानिस्तान और भारत में एक बार फिर बाढ़, भूस्खलन और हिमस्खलन का खतरा मंडरा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक मजबूत अल नीनो के प्रभाव से हिंदू कुश हिमालय क्षेत्र के कुछ हिस्सों में ये आपदाएं आ सकती हैं। रिपोर्ट में भले ही भूकंप का जिक्र नहीं किया गया था लेकिन वैज्ञानिकों के अनुसार नेपाल का हिमालयी क्षेत्र सबसे सक्रिय टेक्टोनिक क्षेत्र यानी भूकंपीय क्षेत्र चार एवं पांच में से एक में स्थित है। जिससे यहां भूकंप आने की संभावना हमेशा बनी रहती है। हिमालयी राष्ट्र में अब तक का सबसे भयावह भूकंप 2015 में आया था। उस समय 7.8 तीव्रता के भूकंप के कारण 9,000 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी और 10 लाख से अधिक इमारतें क्षतिग्रस्त हो गई थीं।
असम में भी भूकंप का असर 

बता दें कि नेपाल में आए भूकंप का असर असम के कार्बी आंगलोंग जिले में भी देखा गया। यानी यहां भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। इसकी तीव्रता 2.5 थी। यह सुबह 3 बजकर 39 मिनट पर आया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र यानी एनसीएस के अनुसार इसका केंद्र जमीन से 15 किलोमीटर नीचे था। असम में आए भूकंप का केंद्र 25.743 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 93.355 डिग्री पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया। इसके अलावा, भूकंप के  झटके पश्चिम बंगाल के कई उत्तरी जिलों में महसूस किए गए। इनमें दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार शामिल हैं। झटके महसूस होते ही लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। फिलहाल किसी के हताहत होने या नुकसान की खबर नहीं है। भूकंप के झटके सुबह करीब सात बजे महसूस किए गए। प्रभावित इलाकों में नुकसान का पता लगाने के लिए अधिकारी स्थिति का आकलन कर रहे हैं। वे यह पता लगा रहे थे कि भूकंप से कहीं कोई नुकसान तो नहीं हुआ है।
ऐसे आते हैं भूकंप 

भूकंप आने के बारे में वैज्ञानिकों का मानना है कि धरती के भीतर सात प्लेट्स हैं। जो लगातर घूमती रहती हैं। जिस स्थान पर प्लेट्स की टक्कर होती है उस जगह को फॉल्ट लाइन कहा जाता है। पृथ्वी के अंदर स्थित टेक्टोनिक प्लेटों के खिसकने, आपस में टकराने या रगड़ खाने से ऊर्जा उत्पन्न होती है। जब प्लेटों के टकराने से ज्यादा ऊर्जा निकलती है, तो धरती की सतह पर कंपन पैदा होता है। जिस स्थान पर प्लेट्स टकराती हैं, उस स्थान पर सबसे अधिक भूकंप का असर होता है। लेकिन जब भूकंप की तीव्रता अधिक होती है तो इसके झटके काफी दूर तक महसूस किए जाते हैं। वैज्ञानिकों के अनुसार हिंदू कुश- हिमालय क्षेत्र इस समय बेहद संवेदनशील बना हुआ है।