जन प्रवाद, ब्यूरो।
कन्नौज। यूपी के जनपद कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ठठिया थाना क्षेत्र अंतर्गत एक्सप्रेसवे पर किमी. संख्या 209.9 पर बच्चों को वाशरूम कराने के लिए स्कूली बस रुकी हुई थी। तभी आगरा की ओर से आ रहे आलू लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दूर तक तेज आवाज सुनाई दी। इसके बाद चीख-पुकार मच गई। इस हादसे में चार छात्रों की मौत हो गई, जबकि करीब 35 छात्र घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार जनपद कौशांबी स्थित ओरिएंट पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राएं वृंदावन और मथुरा के शैक्षणिक भ्रमण व पिकनिक से बस द्वारा वापस कौशांबी लौट रहे थे। बस में करीब 50 छात्र और छह शिक्षक सवार थे। मंगलवार सुबह जब बस ठठिया थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 209.9 के पास टॉयलेट के लिए रुकी हुई थी, तभी पीछे से आ रहे आलू लदे अनियंत्रित ट्रक ने बस में जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर बच्चों की चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और यूपीडा की टीमों के साथ कई एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए सभी घायल बच्चों को उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा पहुंचाया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार भी तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचे।

अधिकारियों ने घायल छात्रों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने दुर्घटना के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई और जांच शुरू होने की बात कही है। वहीं, घटना की सूचना पर बच्चों के परिजनों में कोहराम मच गया है। स्कूल की ओर से अभिभावकों को इसकी सूचना दी जा रही है। पुलिस ट्रक चालक के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई कर रही है।





