जन प्रवाद, ब्यूरो।
बदायूं। यूपी के बदायूं में बुधवार रात 10 बजे पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी बदमाश जितेंद्र उर्फ ढालू ढेर हो गया। मुठभेड़ में शेखपुर पुलिस चौकी इंचार्ज नीरज कुमार और सिपाही अविनाश भी घायल हो गए। दोनों पुलिसकर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार इस्लामनगर थाना क्षेत्र में 19 मई की रात डकैती डाली गई थी। उस रात नजाकत नाम के व्यक्ति के घर में डकैती पड़ी थी। इस मामले में पुलिस पहले ही 7 बदमाशों को गिरफ्तार कर चुकी थी। जबकि हापुड़ का रहने वाला जितेन्द्र पुलिस को चकमा देकर कई दिनों से फरार चल रहा था।

एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया बुधवार रात पूरे जिले में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान थाना सिविल लाइंस क्षेत्र में एक संदिग्ध युवक बाइक से आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह भागने लगा। जब टीम ने पीछा कर उसे पकड़ने का प्रयास किया, तो उसने पुलिसवालों पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। मुठभेड़ में एक सब-इंस्पेक्टर और एक कॉन्स्टेबल भी गोली लगने से घायल हुए हैं। बदमाश की पहचान संभल के रहने वाले जितेंद्र उर्फ ढालू के रूप में हुई है। वह मई में इस्लामनगर क्षेत्र में हुई डकैती की घटनाओं में फरार था। उस पर आईजी बरेली रेंज की ओर से 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। उसके खिलाफ अमरोहा, नोएडा समेत कई जिलों में 12 से ज्यादा मुकदमे दर्ज थे।
एसएसपी ने बताया कि जितेंद्र के पास से एक सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल, बड़ी मात्रा में कारतूस और कुछ जेवर मिले हैं। बरामद जेवरों की शिनाख्त कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि इस्लामनगर थाना क्षेत्र में 19 मई की रात किसान नजाकत के घर करीब 19 लाख रुपए की डकैती हुई थी। मामले के खुलासे में जुटी पुलिस ने 26 मई की रात मुठभेड़ में संभल जिले के 5 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया था। मुठभेड़ में 3 बदमाशों के पैर में गोली लगी थी, जबकि एक सिपाही भी घायल हुआ था।

गिरफ्तार बदमाशों में थाना बनियाठेर क्षेत्र के गांव जनेठा निवासी किशनपाल, थाना बहजोई क्षेत्र के प्रतापपुर निवासी मनोज, हापुड़ निवासी भूरा समेत 5 बदमाश शामिल थे। उनके कब्जे से डकैती में लूटे गए जेवरात, 3 तमंचे और कारतूस बरामद किए गए थे।
घटना के बाद से पुलिस फरार बदमाशों की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। पुलिस जांच में सामने आया था कि इस डकैती का मास्टरमाइंड जितेंद्र था, जो घटना के बाद से फरार चल रहा था। मुठभेड़ में घायल जितेंद्र को अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके सीने में बाईं तरफ गोली लगी थी। दरोगा और सिपाही का इलाज चल रहा है। मुठभेड़ सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के बदायूं-बिजनौर हाईवे पर शहर से करीब 5 किलोमीटर दूर हुई।





