जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। गुरुवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान शुरू हो गया। प्रदेश के 16 जनपदों की 152 सीटों पर मतदान जारी है। सुबह 7 बजे मतदान प्रारंभ हुए और शाम छह बजे तक वोट डाले जा सकेंगे। बताया जा रहा है कि नंदीग्राम, खड़गपुर, पुरुलिया, बांकुरा और झारग्राम आदि सीटों पर कड़ा मुकाबला है। अगला यानी अंतिम चरण के लिए मतदान 29 अप्रैल को 142 सीटों पर होगा।

बता दें कि पश्चिम बंगाल में मुख्य मुकाबला भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच है। पिछले 15 सालों से पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी मुख्यमंत्री हैं। लेकिन, इस बार भाजपा और टीएमसी में कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। भाजपा ने इस बार अपनी पूरी ताकत झोंक दी। चुनाव प्रचार की कमान पीएम नरेन्द्र मोदी के साथ ही गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के साथ ही पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी के अलावा यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा आदि ने उम्मीदवारों के लिए धुआंधार प्रचार किया। इस बार भाजपा की रैलियों में भारी भीड़ देखने को मिली। यही वजह कि जानकारी इस बार दोनों पार्टियों के बीच कड़ी टक्कर मारकर चल रहे हैं। हालांकि, दूसरे यानी अंतिम चरण के मतदान के बाद 4 मई को परिणाम आने पर ही तय होगा कि इस बार ममता बनर्जी चौथी बार सीएम बनेंगी या फिर भाजपा अपनी पहली बार सरकार बनाने में कामयाब हो पाएगी।





