सड़क की गुणवत्ता पर भड़के ग्रामीण, हाथों से उखड़ रही नव निर्मित सड़क

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
अमरोहा, (कपिल चावला) 
अमरोहा में पीडब्ल्यूडी की निर्माणाधीन सड़क की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में मानकों के अनुरूप सामग्री नहीं लगाई जा रही है, जिसके चलते सड़क हाथों से ही उखड़ रही है। ग्रामीणों ने सड़क की गुणवत्ता की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

मामला हसनपुर विधानसभा क्षेत्र के गांव झूरेरी से करनखाल लिंक मार्ग का है, जहां पीडब्ल्यूडी विभाग करीब एक करोड़ 15 लाख रुपये की लागत से दो किलोमीटर से अधिक लंबी सड़क का निर्माण करा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार द्वारा निर्माण में कम सामग्री लगाई जा रही है। सड़क बनने के बाद जगह-जगह से उखड़ने लगी है। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें ग्रामीण हाथों से सड़क उखाड़ते नजर आ रहे हैं। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से सड़क की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है।