नाव पर नॉनवेज पार्टी का वीडियो वायरल, पुलिस ने पांच युवकों को किया गिरफ्तार

जन प्रवाद, ब्यूरो।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एक नाव पर नॉनवेज बनाने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। वायरल इस वीडियो को देखकर लोगों में आक्रोश है। पुलिस ने वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक शराब छलका रहे हैं और मीट बना रहे हैं। पुलिस ने स्थानीय लोगों से पहचान करवाने के बाद पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। साथ ही पुलिस ने नाव को भी सीज कर दिया है।


बता दें कि वाराणसी में बीच गंगा में नाव पर नॉनवेज बनाने के मामले में सोमवार को दशाश्वमेध थाने की पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने नाव को सीज करते हुए पांच युवकों को पहचान करने के बाद गिरफ्तार किया। दशाश्वमेध एसीपी डॉ. अतुल अंजन त्रिपाठी के अनुसार सोशल मीडिया पर शाम के समय एक वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में गंगा के बीच कुछ युवक नाव पर नॉनवेज बनाते दिखाई दे रहे हैं। साथ्ज्ञ ही एक युवक नॉनवेज पार्टी में शामिल लोगों का नाम के साथ परिचय करवा रहा था। पुलिस ने वीडियो में शामिल युवकों की तलाश शुरू की। स्थानीय लोगों ने आरोपियों की पहचान की। इसके बाद देर रात रामनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत रहने वाले दीपक कुमार, अजय साहनी, राहुल साहनी, डोमरी निवासी अरुण कुमार साहनी एवं अनुराग निषाद को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि सर्दी के समय का वीडियो है। यह वीडियो घाट के सामने बनाया गया था जिसे किसी ने वायरल कर दिया। एसीपी के अनुसार सभी आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।मामले में आगे की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।