जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। उत्तर प्रदेश इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। रविवार सुबह से ही सूर्य अपने तेवर में थे। हवा की रफ्तार धीमी होने से उमस का एहसास हो रहा है। रविवार को प्रदेश के 54 जिलों में हीटवेव का अलर्ट है। इनमें से 10 जिलों के लिए रेड अलर्ट है। यहां शरीर को जला देने वाली गर्म हवाएं चलेंगी।

पश्चिमी यूपी के 24 जिलों में आंधी-बारिश का भी अलर्ट है। मौसम विभाग का कहना है कि मध्य असम में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। इसका असर पश्चिमी यूपी खासकर दिल्ली से सटे जिलों में देखने को मिल सकता है। इससे पहले, शनिवार को बांदा 46.2 डिग्री सेंटीग्रेड के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। प्रयागराज में 46 डिग्री सेंटीग्रेड, झांसी में 44.9 डिग्री सेंटीग्रेड, कानपुर में 44.2 डिग्री सेंटीग्रेड और सुल्तानपुर में 44.4 डिग्री सेंटीग्रेड तापमान दर्ज किया गया। वहीं, गाजियाबाद में हल्की बारिश हुई। मथुरा , अयोध्या, बाराबंकी और गोंडा में आंधी चली। इसके अलावा बिजनौर के अमानगढ़ टाइगर रिजर्व में बाघ और हाथी भीषण गर्मी से बेहाल हो गए। जानवर दिनभर तालाब के आसपास ही घूमते रहे। मौसम विभाग ने कल से शुरू हो रहे नौतपा में भी आंधी और बारिश की आशंका जताई है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि नौतपा और तपाएगा। औसतन तापमान 45 डिग्री के आसपास रह तक रह सकता है।

इस जिलों में रेड अलर्ट
बता दें कि बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में लू का रेड अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
यूपी के सोनभद्र, जौनपुर, गाजीपुर, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर एवं आसपास के क्षेत्र के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में येलो अलर्ट
यूपी का आजमगढ़, मऊ, बलिया, सीतापुर, हरदोई, फर्रूखाबाद, लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, कासगंज एवं आसपास के क्षेत्रों को शामिल किया गया है।





