जनप्रवाद ब्यूरो, लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के कांठ थाना क्षेत्र के गांव महदूद कलमी में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। एक तेंदुआ किसान अकरम के घर में घुस आया और आंगन में खेल रही उनकी मात्र 2 साल की बेटी सिदरा को अपने जबड़े में दबाकर ले जाने लगा। परिजनों के शोर मचाने पर तेंदुआ बच्ची को छोड़कर भाग गया लेकिन तब तक मासूम के शरीर पर गहरे जख्म हो चुके थे। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
परिजनों को कुछ समझ आता उससे पहले ही किया हमला
उस वक्त घर का गेट बंद था लेकिन नीचे की खाली जगह से तेंदुआ अंदर आ गया। छोटी सिदरा आंगन में खेल रही थी। परिजनों को कुछ समझ आता उससे पहले ही तेंदुए ने बच्ची पर झपट्टा मारा और उसे जबड़े में दबाकर ले जाने लगा। बच्ची की चीख सुनकर परिवार के लोग तुरंत दौड़े और जोर-जोर से शोर मचाया। शोर सुनकर तेंदुआ बच्ची को छोड़कर भाग गया। परिजन फौरन उसे पास के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां उसका इलाज चल रहा है।

ग्रामीण डंडे लेकर तलाश में निकले, देर रात तक नहीं मिला तेंदुआ
घटना के बाद ग्रामीण डंडे लेकर तेंदुए की तलाश में निकल गए लेकिन देर रात तक उसका कोई पता नहीं चल सका। मौके पर पहुंची पुलिस ने वन विभाग को सूचना दे दी है और अब तेंदुए को पकड़ने की तैयारी की जा रही है। वन विभाग की टीम इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाएगी।
गांव में दहशत, बच्चों को घर से बाहर निकलने पर रोक
इस घटना के बाद गांव में डर का माहौल है। लोगों ने अपने बच्चों को घर से बाहर निकलने से रोक दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि इस इलाके में तेंदुए की दहशत पहले भी रही है और अब यह हमला इंसानी बस्ती तक पहुंच गया है। लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि तेंदुए को जल्द से जल्द पकड़ा जाए ताकि आगे कोई और हादसा न हो।





