जनप्रवाद ब्यूरो, लखनऊ: दुधवा राष्ट्रीय उद्यान के बफर जोन में भीखमपुर हॉल्ट के पास ट्रेन की चपेट में आने से एक बाघिन की मौत हो गई। वन अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। दुधवा बफर जोन की उपनिदेशक कीर्ति चौधरी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मैलानी रेंज में गश्ती दल ने एक मृत बाघिन बरामद की है जिसकी उम्र करीब पांच से छह साल के आसापास होगी। उन्होंने कहा कि बुधवार की सुबह गश्ती दल को रेल पटरी के पास क्षत-विक्षत अवस्था में मृत बाघिन मिली। यह ट्रेन दुर्घटना के कारण मौत का मामला प्रतीत होता है। मौत के सही कारण की पुष्टि पोस्टमॉर्टम जांच के बाद की जाएगी। राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) के दिशानिर्देशों के अनुसार पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। इसके अलावा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर विस्तृत कार्रवाई की जाएगी।
मैलानी रेंज मुख्यालय लाया गया शव
सुबह गश्त कर रही वन कर्मियों की टीम को रेल ट्रैक किनारे बाघिन का शव पड़ा दिखाई दिया। टीम ने इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे वनाधिकारियों ने शव की बारीकी से जांच की। मृत बाघिन को मैलानी रेंज मुख्यालय लाया गया। उधर स्टेशन मास्टर अमर सिंह ने बताया कि बाघिन के ट्रेन से टकराने की कोई सूचना या मेमो रेलवे स्टेशन पर नहीं मिला है। दुधवा टाइगर रिजर्व के एफडी डॉ. एच राजामोहन ने बताया कि मैलानी रेंज जंगल में ट्रेन की चपेट में आने से बाघिन की मौत हुई है। तीन पशु चिकित्सकों का पैनल गठित पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
तराई पश्चिमी वन प्रभाग के रामनगर रेंज में भी मिला एक बाघिन का शव
तराई पश्चिमी वन प्रभाग के रामनगर रेंज में गश्त के दौरान सोमवार को वनकर्मियों को एक बाघिन का शव मिला। घटना से वनाधिकारियों में खलबली मच गई है। वन्यजीव चिकित्सकों की टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद शव को नष्ट कर दिया। प्रथमदृष्टया प्राकृतिक कारणों से बाघिन की मौत होना माना जा रहा है। डीएफओ प्रकाश चंद्र आर्य ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव को नष्ट कर दिया है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के दौरान शव के सभी अंग सुरक्षित पाए गए हैं। शव दो दिन पुराना लग रहा था। बाघिन की उम्र लगभग चार साल के आसपास होगी।





