जन प्रवाद, ब्यूरो।
नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को फिर से चेतावनी दी है। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान से सीजफायर हुआ तो व्हाइट हाउस में पार्टी होगी। यदि समय पर ईरान ने सीजफायर नहीं किया तो दोबारा से बमबारी शुरू कर दी जाएगी। पत्रकारों से वार्ता करते समय ट्रंप ने कहा कि वह ईरान के साथ चल रहे सीजफायर को आगे बढ़ाने के मूड में नहीं भी हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि शायद मैं इसे एक्सटेंड न करूं। अगर ऐसा हुआ तो ब्लाकेड जारी रहेगा और हमें फिर से बम गिराने पड़ सकते हैं। राष्ट्रपति ट्रंप ने यह भी संकेत दिया कि 21 अप्रैल की डेडलाइन बेहद अहम है। अगर इस तारीख तक अमेरिका और ईरान के बीच कोई ठोस समझौता नहीं होता है तो सीजफायर खत्म हो सकता है। मतलब साफ है कि मिडिल ईस्ट एक बार फिर से बड़े संकट की तरफ बढ़ सकता है। इससे तेल संकट और भी गहरा सकता है। हालांकि, ट्रंप ने यह भी कहा कि उन्हें उम्मीद है कि डील हो जाएगी। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि यह होने वाला है लेकिन ईरान का कहना है कि उनकी बातों पर भरोसा कम है।

बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने साफ कर दिया है कि चाहे सीजफायर बढ़े या नहीं अमेरिका का ईरान पर लगाया गया नौसैनिक ब्लॉकेड जारी रहेगा। यह ब्लॉकेड ईरान की अर्थव्यवस्था पर दबाव बनाने की बड़ी रणनीति का हिस्सा है क्योंकि इससे उसके तेल निर्यात पर सीधा असर पड़ता है। यानी भले ही बातचीत जारी हो लेकिन दबाव की राजनीति भी साथ-साथ चलती रहेगी।

गौरतलब है कि अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधि जल्द ही पाकिस्तान में दोबारा से बातचीत के लिए जा सकते हैं। हालांकि, इसकी किसी भी ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि दोनों पक्ष सोमवार को वार्ता के लिए इस्लामाबाद पहुंच सकते हैं। बता दें कि पहली बैठक बेनतीजा रही थी। अमेरिका और ईरान प्रतिनिधिमंडल की घंटों बैठक किसी हल तक नहीं पहुंची थी। इस बार अगर बैठक होती है तो संभवत: कोई हल निकल सकता है।





