नई दिल्ली, एजेंसी। संघ लोक सेवा आयोग ने मंगलवार को कहा कि भारतीय वन सेवा (मुख्य) परीक्षा, 2026 में प्रवेश के लिए 1,000 से अधिक अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। अभ्यर्थियों का चयन सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा, 2026 के माध्यम से आयोजित स्क्रीनिंग टेस्ट के आधार पर किया गया, जो 24 मई को आयोजित हुई थी। आयोग ने एक बयान में कहा, इस वर्ष भारतीय वन सेवा परीक्षा, 2026 के लिए घोषित 80 रिक्तियों के मुकाबले कुल 1,046 अभ्यर्थियों को भारतीय वन सेवा (मुख्य) परीक्षा, 2026 के लिए चुना गया है। पिछले वर्ष, भारतीय वन सेवा के लिए 150 अधिसूचित रिक्तियों के मुकाबले 2,116 अभ्यर्थियों का चयन किया गया था। सभी योग्य अभ्यर्थियों को कुछ विवरण प्रदान करने या अद्यतन करने के लिए एक अवसर दिया जाएगा, जिसमें भारतीय वन सेवा (मुख्य) परीक्षा, 2026 में प्रवेश के लिए 200 रुपये का शुल्क जमा करना शामिल है। हालांकि, महिला, दिव्यांग (पीडब्ल्यूबीडी) तथा अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों को इसमें छूट दी गई है। आॅनलाइन खिड़की खुलने की तिथियों की जानकारी बाद में यूपीएससी की वेबसाइट पर साझा की जाएगी। आयोग ने यह भी बताया कि रोल नंबर 6300119 वाले एक अभ्यर्थी का परिणाम वर्तमान में लंबित न्यायिक मामले के अंतिम निर्णय तक रोककर रखा गया है।
यूपीएससी: भारतीय वन सेवा (मुख्य) परीक्षा के लिए 1,000 से अधिक अभ्यर्थी चयनित
16-Jun-2026





