जन प्रवाद, ब्यूरो।
प्रयागराज। यूपी के प्रयागराज में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में नौ लोगों के मरने की खबर आ रही है, वहीं कई मजबूरों के मलबे में दबे होने की सूचना है। हादसा प्रयागराज के फाफामऊ स्थित एक कोल्ड स्टोरेज की दीवार गिरने से हुआ। यह कोल्ड स्टोरेज पूर्व विधायक का बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हासदा होने से पहले तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी थी।

जानकारी के अनुसार अमोनिया पाइप लाइन के फटने से यह हादसा हुआ। पाइप लाइन फटने के बाद गैस का रिसाव हो गया था। इसके बाद आसपास अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि जब यह हादसा हुआ उस समय करीब 20 मजदूर कोल्ड स्टोरेज के अंदर काम कर रहे थे। हादसे की जानकारी होने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना पुलिस और प्रशासन को दी गई। दबे हुए लोगों को निकालने में देरी होने के कारण लोगों ने रेस्क्यू के लिए पहुंची जेसीबी पर पथराव कर दिया। इस दौरान ग्रामीणों की पुलिस के साथ नोकझोंक भी हुई। इसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हुआ।

रेस्क्यू शुरू होने के बाद पुलिस ने नौ शवों को बाहर निकाल लिया। इस दौरान प्रयागराज पुलिस कमिश्नर जोगिंदर कुमार और डीएम मनीष वर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल पर मौजूद अफसरों से रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा भी लिया। बताया जा रहा है कि घायल मजदूरों को स्वरूप रानी अस्पताल ले जाया गया। इनमें से ज्यादातर लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि लंच के दौरान यह हादसा हुआ। उस दौरान लोग खाना खाकर आराम कर रहे थे। जब बिल्डिंग की दीवार गिरी उस दौरान लोग भाग नहीं पाए। जो भी अंदर था वह हादसे की चपेट में आ गया।
खबर लिखे जाने तक रेस्क्यू अभियान जारी था। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर मौजूद थी। वहीं मौजूद लोगों को अमोनिया गैस की बदबू से काफी परेशानी हो रही है। पुलिस और प्रशासन की ओर से इस हादसे की जांच की जाएगी। जांच के बाद हादसे का असली कारण निकलकर सामने आएगा।





