किशोरी को अगवा कर 70 हजार में बेचा

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
नोएडा। उत्तर प्रदेश की कौशांबी पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने किशोरी से सामूहिक दुराचार और उसे बेचने वाले गिरोह का भांडाफाड़ किया है। जानकारी के अनुसार छात्रा 25 मार्च 2026 को हाईस्कूल की परीक्षा देने निकली थी। छात्रा को अंशू नामक युूवक ने बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया और कानपुर ले आया। इसके बाद गिरोह ने छात्रा को 70 हजार रुपये में कासगंज की मंजू देवी को बेच दिया। उसने अपने देवर सुमित से उसकी जबरन शादी करा दी। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से पीड़िता को कासगंज से सकुशल बरामद कर दो महिलाओं सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।


पुलिस को जांच में पता चला है कि अंशू जाटव ने सबसे पहले किशोरी को अपने जाल में फंसाया और फिर उसे अपने दोस्त शाहरुख के पास ले गया। यहां से अनुराधा नामक महिला के जरिए सौदेबाजी हुई और महज 70 हजार रुपये में किशोरी को मंजू उर्फफूलमती के हाथों बेच दिया गया। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसे कमरे में बंद रखकर मारपीट की जाती थी और जान से मारने की धमकी देकर गलत काम कराया गया। इस बाबत एसपी सत्यनारायण को मुखबिर से सूचना मिली कि रोही चौराहे के पास कुछ संदिग्ध लोग एक लड़की की फोटो लेकर घूम रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर सुमित कुमार, शाहरुख हुसैन, अंशू जाटव, अनुराधा और मंजू देवी को हिरासत में लिया है। कड़ी पूछताछ के बाद आरोपियों ने अपना कारनामा कबूल किया। पुलिस ने इनके पास से मोबाइल फोन, नकदी बरामद की है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसे होटल ले जाकर उसके साथ जबरन गलत काम किया गया। पुलिस सभी को जेल भेज रही है।