सीएम योगी ने बुलंदशहर को बड़ी सौगात, 574 करोड़ से विकसित होंगी 57 परियोजनाएं

जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुलंदशहर जनपद में 574 करोड़ से अधिक की लागत से निर्मित एवं प्रस्तावित 57 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर जन सभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास, सुशासन, सुरक्षा और रोजगार के क्षेत्र में नए मानक स्थापित कर रही है। उत्तर प्रदेश आज देश की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में तेजी से अपनी पहचान बना रहा है।


उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने आधारभूत संरचना के विकास को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी है। बुलंदशहर आज कनेक्टिविटी के क्षेत्र में तेजी से विकसित हो रहा है। उन्होंने कहा कि जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास का नया द्वार बनेगा। मुख्यमंत्री ने अपने उद्बोधन में कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की समृद्वि के साथ-साथ भारत की समृद्वि का एक आधार बनेगा। कनेक्टिवटी की दृष्टि से बुलंदशहर इतना बेहतरीन हो रहा है। एयरपोर्ट भले ही जेवर में बनवाया गया हो, लेकिन उसका सर्वाधिक लाभ बुलंदशहर हो मिलने वाला है।


सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास, निवेश, आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण के प्रत्येक क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन 57 विकास परियोजनाओं से बुलंदशहर सहित पूरे क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी तथा आमजन के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार होगा।