पुलिस मुठभेड़ में चार गिरफ्तार, 4 महिला सहित 6 साइबर ठग गिरफ्तार

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
ग्रेटर नोएडा। जनपद गौतमबुद्धनगर की थाना सूरजपुर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरन दो घायल सहित चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से कार व हथियार बरामद किए हैं। वहीं थाना बिसरख पुलिस ने विदेशी नागरिकों से ठगी करने वाली चार महिलाओं सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से मोबाइल, नकदी, लैपटॉप आदि सामान बरामद की है। 

रविवार सुबह तिलपता गोल चक्कर के पास थाना सूरजपुर पुलिस चेकिंग कर रही थी। तभी एक संदिग्ध गाड़ी आती हुई दिखाई दी। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया लेकिन पुलिस को देखते ही वह भागने लगे। पुलिस ने जब उनका पीछा किया तो कार सवार युवकों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। अपने को घिरता देख चारों युवक कार छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो उन्होंने दोबारा पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो अभियुक्तों के पैर में गोली लगी है। जबकि, दो मौके से फरार हो गए। पुलिस ने फरार अभियुक्तों को कांबिंग के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घायल अभियुक्तों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस इनके अन्य आपराधिक कृत्यों की जानकारी कर रही र्है। 

वहीं थाना बिसरख पुलिस ने विदेशी नागरिकों के साथ ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो अभिक्त व चार अभियुक्ताओं को गिरफ्तार किया है। साथ ही लैपटॉप, मोबाइल फोन ,नकदी अन्य सामान बरामद किया है। इस बाबत पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बिसरख पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस व इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की सहायता से विदेशी नागरिकों के साथ साइबर ठगी करने वाले गिरोह को दबोचा है। पुलिस ने आकिब, चर्चित शर्मा, कृष्णा देव वर्मन, एंजल देव वर्मन, रंजना सुनार व रेखा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से छह लैपटॉप, 7 मोबाइल फोन, एक हैडफोन के अलावा 5200 रुपये बरामद किए हैं। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तगण शातिर किस्म के अपराधी हैं जो गूगल पर वायरस ठीक करने, बग्स फिक्स करने व साइबर सिक्योरिटी आदि से संबंधित विज्ञापन चलाते हैं। जब कोई व्यक्ति अपनी समस्या से संबंधित गूगल नंबर पर सर्च करता है तो अभियुक्तों द्वारा दिए गए फर्जी नंबरों पर कॉल आती थी। इसके बाद यह लोग सोशल सिक्योरिटी आॅफिसर बनकर अमेरिकी नागरिकों से ठगी करते थे।