पुलिस की बदमाशों के साथ मुठभेड़, दो घायल सहित तीन बदमाश गिरफ्तार

जन प्रवाद, नोएडा। यूपी पुलिस लगातार बदमाशों पर नकेल कसे हुए है। गौतमबुद्ध नगर की दादरी थाना पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक वांछित को गिरफ्तार किया गया है। वहीं अमरोहा पुलिस ने गौकशी के फिराक में घूम रहे एक घायल सहित दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

जानकारी के अनुसार दादरी थाना पुलिस नई बस्ती शमशान घाट पर चेकिंग कर रही थी। तभी एक युवक आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने शक होने पर जब उसे रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगने से वह गिर गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर मौके से तमंचा व  कारतूस बरामद किए हैं। पूछताछ के दौरान पता चला कि वह छिनैती व झपटमारी में वांछित चल रहा था। उसने अपना नाम शाकिर पुत्र राजू निवासी कस्बा दादरी बताया है। घायलवस्था में उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

वहीं अमरोहा पुलिस को पता चला कि कुछ अपराधी गौकशी की फिराक में घूम रहे हैं। मुखबिर की सूचना के तहत पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते हुए बदमाशों ने गोली चलाना शुरू कर दिया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई शुरू की। इस दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। दूसरा मौके का फायदा उठाकर भाग निकला। उसे पुलिस ने कांबिंग के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से गौकशी के उपकरण व अवैध हथियार बरामद किए हैं।