सीएम योगी का काशीवासियों को तोहफा, श्रद्धालुओं को दी जाएंगी विशेष सुविधाएं

जन प्रवाद, ब्यूरो।
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की प्रगति तथा कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन का कार्य तेजी से पूर्ण कराया जाय। पेयजल पाइपलाइन बिछाने के दौरान खोदी गई सड़कों का मरम्मत कार्य भी अवश्य कराया जाय, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सीएम योगी ने रोप-वे, एकीकृत मंडलीय कार्यालय, यूनिटी मॉल तथा अन्य महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।


काशीवासियों को विशेष तोहफा
सीएम योगी ने आगामी श्रावण मास की तैयारियों की समीक्षा करते हुए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में काशीवासियों के दर्शन के लिए अलग मार्ग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सीएम योगी ने कहा कि प्रशासन, पुलिस, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग एवं विद्युत विभाग बेहतर समन्वय के साथ कार्य करें। परिवहन विभाग एवं रेलवे के साथ भी प्रभावी तालमेल स्थापित किया जाए, ताकि भीड़ प्रबंधन एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
मनमानी वसूली पर लगेगी रोक
सीएम योगी ने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को साफ-सफाई, पेयजल, खोया-पाया केंद्र, स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन एवं नि:शुल्क लॉकर सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए तथा होटल, रेस्तरां एवं बस स्टैंडों पर मनमाना शुल्क वसूले जाने पर प्रभावी निगरानी रखी जाए।
छह माह में बदली जाएगी ड्यूटी
सीएम योगी ने बॉर्डर एरिया में पुलिस द्वारा विशेष सतर्कता बरतने, पेट्रोलिंग बढ़ाने तथा प्रत्येक छह माह में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी रोटेशन के आधार पर बदलने के निर्देश दिए। उन्होंने फुट पेट्रोलिंग बढ़ाने, जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने, गो-तस्करी, अवैध शराब तस्करी एवं अन्य अपराधों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने तथा आईजीआरएस एवं सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का मेरिट के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।