जन प्रवाद, ब्यूरो।
लखनऊ। सीएम योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अम्बेडकरनगर के गोविंद साहब धाम पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज मुझे पहली बार आने का अवसर प्राप्त हुआ। सदियों से आध्यात्मिक प्रेरणा का केंद्र बना यह पवित्र धाम हम सभी को अपनी विरासत से जुड़ने की नई प्रेरणा दे रहा है। आज यह बताते हुए प्रसन्नता हो रही है कि गोविंद साहब धाम में पवित्र समाधि तथा नवनिर्मित श्रीरामजानकी मंदिर में दर्शन कर मुझे अद्भुत आध्यात्मिक अनुभूति हुई।
उन्होंने कहा कि विकास का मॉडल कैसा होना चाहिए, यह देखना है तो अम्बेडकरनगर आकर देखिए। एक नहीं, बल्कि दो-दो एक्सप्रेस-वे से यह जनपद जुड़ चुका है। नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर के अंतर्गत सिद्धार्थनगर के बांसी, बस्ती और प्रयागराज को जोड़ते हुए इस मार्ग को चित्रकूट से आगे दक्षिण भारत तक विस्तारित किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण परियोजना का एक प्रमुख केंद्र अम्बेडकरनगर भी बनने जा रहा है।
सीएम योगी ने कहा कि बहुत शीघ्र उत्तर प्रदेश सरकार एक एकीकृत युवा नीति लाने जा रही है। युवा ही नेतृत्व करेगा और युवा ही अपनी शिक्षा, स्वास्थ्य, स्किलिंग तथा एम्प्लायमेंट के क्षेत्र में नई संभावनाओं का सृजन करेगा। सीएम योगी ने कहा कि अम्बेडकरनगर में माघ मेले का बहुत बड़ा आयोजन होता है, जिसमें लाखों श्रद्धालु आते हैं। इस मेले को हम राजकीय परम्परा और बेहतर सुविधाओं के साथ जोड़ेंगे।

आज प्रदेश में वन डिस्टिक वन प्रोडक्ट और वन डिस्टिक वन मेडिकल कॉनलेज है। वन डिस्टिक वन कूजीन के माध्यम से प्रत्येक जिले के पारंपरिक व्यंजनों को नई पहचान प्रदान की जा रही है, उसे आगे बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है। सीएम योगी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश के प्रत्येक गांव को बेहतर कनेक्टिविटी से जोड़ा जा रहा है। निर्बाध और सुदृढ़ बिजली व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। हर खेत तक सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने जनपद अम्बेडकरनगर में 706 करोड़ से अधिक लागत की 194 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक एवं चाबी, प्रशस्ति-पत्र तथा प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
आधारभूत संरचना, जनसुविधाओं और समावेशी विकास को नई गति देने वाली ये परियोजनाएं अम्बेडकरनगर की प्रगति को नए आयाम प्रदान करेंगी। परंपरा को सम्मान, विकास को विस्तार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में नया उत्तर प्रदेश पारंपरिक उद्यमों को नई पहचान देने के साथ ही जन-कल्याणकारी परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश के समग्र विकास को नई गति प्रदान कर रहा है।





