सीएम योगी ने किया तिरंगा यात्रा का शुभारंभ, बलिदान देने वाले वीर स्मृतियों को किया नमन

जन प्रवाद, ब्यूरो।
लखनऊ। काकोरी ट्रेन एक्शन की 101वीं वर्षगांठ के अवसर पर पूरे देश में महान क्रांतिकारियों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने के लिए ‘तिरंगा यात्रा’ का शुभारंभ किया जा रहा है। इस अवसर पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने भारत माता के उन सभी सपूतों को विनम्र श्रद्धांजलि दी। उन्होंने स्वतंत्र भारत में देश की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों की स्मृतियों को नमन किया। 


सीएम योगी ने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि प्रदेश की राजधानी में आज 25 से 30 हजार युवा ‘तिरंगा यात्रा’ में सहभागी बनकर ‘राष्ट्र प्रथम’ और ‘तेरा वैभव अमर रहे माँ, हम दिन चार रहें न रहें’ के संकल्प के साथ उन हुतात्माओं के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित कर रहे हैं, जिन्होंने राष्ट्र के प्रति अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए ‘राष्ट्र प्रथम’ का भाव सर्वोपरि है। उन्होंने हम सबको भारत के प्रतीकों, भारत के युवाओं, भारत के गरीबों, भारत की आधी आबादी यानी महिलाओं और भारत के अन्नदाता किसानों के लिए नई योजनाओं के साथ आगे बढ़ने का उचित मंच प्रदान कर एक आदर्श प्रस्तुत किया है।