जन प्रवाद, ब्यूरो।
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में एक बड़ा हादसा हो गया। बुधवार को यहां एक निर्माणाधीन गोदाम की छह ढह गई, जिसमें काम कर रहे कई मजदूर दब गए। बताया जा रहा है कि अभी मलबे में करीब 40 लोगों के दबे होने की आशंका है। खबर के मुताबिक इस हादसे में अभी तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है। बचाव के लिए कई टीमें लगी हुई हैं साथ ही स्थानीय लोग भी मदद कर रहे हैं।

फिलहाल, चार लोगों को बाहर निकाला जा चुका है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि निर्माणाधीन गोदाम में घटना के समय कंक्रीट ढलाई का काम चल रहा था। उस दौरान वहां ज्यादा संख्या में मजदूर काम कर रहे थे। काम कर रहे मजदूरों पर लोहे का भारी वजन गिर गया। उसको हटाने के लिए तुरंत क्रेन मंगवाई गई। कोलकाता पुलिस अधिकारियों की मानें तो जानकारी मिलते ही मौके पर टीम पहुंच गई। मलबे से करीब 11 लोगों को बाहर निकाला जा चुका है। फिलहाल, कोलकाता पुलिस के अलावा आपदा प्रबंधन की टीम, नागरिक सुरक्षा, फायर एवं इमरजेंसी रिस्पांस टीम बचाव कार्य में जुटी हुई है। एनडीआरएफ की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच चुकी है।





