जन प्रवाद, ब्यूरो।
बिजनौर। खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश, खेल भवन, लखनऊ के तत्वावधान में जिला खेल कार्यालय, बिजनौर द्वारा राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर अंडर-14 बालक हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम बिजनौर में किया गया। प्रतियोगिता में अंडर-14 आयु वर्ग के बालक खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल एवं खेल भावना का प्रदर्शन किया । प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला आरजेपी इंटर कॉलेज, बिजनौर एवं जीआईसी, बिजनौर के मध्य खेला गया। रोमांचक मुकाबले में आरजेपी इंटर कॉलेज, बिजनौर की टीम ने जीआईसी, बिजनौर को 2-1 से पराजित कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया।

प्रतियोगिता के समापन समारोह की मुख्य अतिथि नगर अध्यक्ष, पालिका परिषद बिजनौर, इंद्रा सिंह मौजूद रहीं। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेलों में निरंतर बेहतर प्रदर्शन करने तथा अनुशासन एवं खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी बिजनौर राजकुमार एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति तथा खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ तथा उपस्थित अतिथियों द्वारा खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। प्रतियोगिता के दौरान जिला क्रीड़ा अधिकारी राजकुमार, कनिष्ट सहायक हिमांशु, चित्र चौहान हॉकी कोच नेहरू स्टेडियम, सीनियर खिलाड़ी खालिद इसरार, विकल महर्ष अध्यक्ष हॉकी एसोसिएशन, रजत शर्मा सचिव, ओमप्रकाश कौशल बरिस्ट खिलाड़ी, विकास अग्रवाल, कपिल सैनी, राजेश कुमार, विजय कुमार, अभिमन्यु, प्रवुद्धराज, वरुण आदि उपस्थित रहे ।





