जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। आगामी रक्षाबंधन त्योहार के मद्देनजर गौतमबुद्ध नगर का खाद्य विभाग सक्रिय हो गया है। विभाग द्वारा कई टीमों के माध्यम से जगह-जगह छापेमारी की जा रही है। इसी श्रृंखला में सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि 24 अगस्त रात्रि में खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह एवं महेंद्र प्रताप सिंह की टीम ने जेवर टोल प्लाजा पर चेकिंग की।
इस दौरान आरके डेयरी सहजपुरा पिसावा अलीगढ़ से दिल्ली सप्लाई के लिए जा रहे पनीर का एक नमूना, नगला कला अलीगढ़ स्थित राहुल कुमार की डेयरी से से दिल्ली जा रहे पनीर में से एक नमूना तथा बाजना मथुरा की मोहित डेयरी से दिल्ली सप्लाई के लिए जा रहे पनीर में से दो नमूने लिए गए। इसी प्रकार खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल गुप्ता एवं रितु सक्सेना की टीम द्वारा डीएनडी फ्लाई ओवर पर दिल्ली सप्लाई के लिए जा रहे राधे डेयरी बाजना मथुरा के पनीर से एक नमूना लिया गया। पुस्ता ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित एमके स्वीट के मालिक आजाद की लड्डू निर्माणशाला से बूंदी का एक नमूना लेकर अवशेष लगभग 100 किग्रा बूंदी को प्रथम दृष्टया अपमिश्रित व रंग अधिक होने के कारण सीज किया गया।
इसी प्रकार 25 अगस्त की प्रात: लगभग 3.30 बजे जीटी रोड दादरी नोएडा पर मेवात हरियाणा निर्मित पनीर लगभग 200 किग्रा दिल्ली से दादरी में सप्लाई के लिए लाते हुए नजाकत उर्फ भोला निवासी मेंहदीपुर बांगर रबूपुरा को पकड़ा गया। उसमें से एक नमूना लेकर शेष पनीर को प्रथमदृष्टया मिलावटी एवं प्रदूषित होने के कारण नष्ट कराया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार, विजय बहादुर पटेल की टीम ने समा असली मुरादाबादी चिकन बिरयानी मिक्सन अल्टिमा आमिक्रोन ग्रेटर नोएडा से एक नमूना चिकन बिरयानी का लिया गया है। इसी टीम द्वारा गौर सिटी स्थित हीरा स्वीट्स से प्याज कचोरी का एक नमूना लिया गया।
इस प्रकार कुल नौ नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय ने बताया कि आगे भी इसी प्रकार जांच अभियान संचालित करते हुए नमूने संग्रहित करने की कार्रवाई जारी रहेगी ताकि जनपद वासियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध हो सके।





