जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। उत्तर प्रदेश में चल रही होमगार्ड शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई की हालत खराब हो गई। राजधानी लखनऊ और मेरठ में एक-एक अभ्यर्थी की मौत होने की खबर है। जबकि, लखनऊ में पांच, रायबरेली में 11, जौनपुर में 20 और मेरठ में 10 अभ्यर्थी बीमार बताए जा रहे हैं।
बता दें कि प्रदेश में होमगार्ड के करीब 40,422 पदों पर भर्ती होनी है। इसी प्रक्रिया के तहत मंगलवार से शारीरिक दक्षता परीक्षा शुरू हुई। धूप और उमस को इसके पीछे कारण माना जा रहा है। लखनऊ के महानगर स्थित 35वीं वाहिनी पीएसी बटालियन में दौड़ लगाने के बाद अभ्यर्थी योगेंद्र सिंह (25) चक्कर खाकर गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई। एसीपी महानगर अंकित कुमार के अनुसार योगेंद्र सिंह मूल रूप से सीतापुर जनपद के राम कोट के रहने वाले थे। चयन समिति के समक्ष उनकी दौड़ पूरी हो गई थी। इसके बाद होल्डिंग एरिया में पहुंचे। वहां एकाएक गश खाकर गिर पड़े। पुलिस उन्हें भाऊराव देवरस सिविल अस्पताल ले गई। वहां से बलरामपुर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां डॉक्टरों ने योगेंद्र को मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी पर योगेंद्र के भाई कमल किशोर वहां पहुंचे। पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट न होने से हार्ट और विसरा सुरक्षित किया गया है। डॉक्टरों ने हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई है। शव कमल किशोर के सुपुर्द कर दिया गया। इसके साथ ही चक्कर आने से पांच अन्य अभ्यर्थियों को भी आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया। इलाज के बाद उनकी हालत सामान्य है।
वहीं मेरठ के कैलाश प्रकाश स्टेडियम में भी भर्ती के लिए दौड़ आयोजित की गई। यहां 10 अभ्यर्थियों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। तत्काल उन्हें एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां शामली निवासी अंकुज मलिक की मौत हो गई। शिवम, शोकिन, मोनू, अर्जुन, रितिक, निशू, तरुण, अंकित और सचिन का इलाज चल रहा है।
इसके अलावा जौनपुर के इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम में दौड़ में शामिल 20 अभ्यर्थी बेहोश होकर गिर गए। आनन-फानन में उन्हें मेडिकल यूनिट में प्राथमिक उपचार कराने के बाद 15 से अधिक अभ्यर्थियों को मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि तेज धूप में दौड़ने की वजह से परेशानी हुई है। वहीं रायबरेली के 25वीं वाहिनी पीएसी मैदान में दौड़ लगाते समय एक-एक कर 11 अभ्यर्थियों की हालत बिगड़ गई। आनन-फानन में सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। देर शाम हालत सामान्य होने पर सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।





