जन प्रवाद, ब्यूरो।
ग्रेटर नोएडा। थाना बादलपुर पुलिस ने चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से चोरी किए गए जेवरात, नकदी व बाइक बरामद की है।
जानकारी के अनुसार 27 जुलाई को थाना बादलपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम सादोपुर की झाल पर उनकी पशुचारा की दुकान से किसी अज्ञात व्यक्ति ने दुकान के गल्ले में रखे पैसे चोरी कर लिए हैं। सूचना के आधार पर थाना बादलपुर पुलिस ने तत्काल अभियोग पंजीकृत किया और घटना के अनावरण के लिए पुलिस टीम का गठन किया।
गठित टीम ने घटनास्थल के आस-पास के करीब 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को चेक किया और लोकल इंटेलिजेंस व इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की सहायता से 17 अगस्त 2026 को उक्त घटना का सफल अनावरण किया गया। पुलिस ने महामाया एन्क्लेव के पास से गुलफाम पुत्र सलीम और फरमान पुत्र शेर मोहम्मद को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त गुलफाम के कब्जे से कुल 66,000 हजार रुपए, एक पीली धातु की गिट्टी (वजन 20.740 ग्राम) व एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। वहीं अभियुक्त फरमान के कब्जे से कुल 62,500 हजार रुपए नगद व एक पीली धातु की गिट्टी (वजन 20 ग्राम) बरामद हुई है।

पुलिस के अनुसार अभियुक्त गुलफाम, सबमर्सिबल लगाने का काम करता है, जबकि अभियुक्त फरमान सिलाई का काम करता है। दोनों आपस में रिश्तेदार हैं। इन्होंने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि ये लोग अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर करीब एक माह पूर्व सादोपुर झाल पर एक पशु चारा की दुकान से पैसे चोरी किए थे। इसके अलावा एक माह पूर्व ही सहारा सिटी में एक बंद पड़े मकान से पीली धातु की गिट्टी व पैसे चोरी किए थे। बरामद हुई गिट्टी को उसी चोरी में मिले आभूषणों में से बचे हुए आभूषण से बनवायी थी। इसके अलावा इन दोनों ने मिलकर एयर फोर्स स्टेशन के सामने से एक गाड़ी का शीशा तोड़कर एक बैग चुरा लिया था।
पुलिस इनके अन्य साथियों की गिरफ्तारी व अन्य बरामदगी का प्रयास कर रही है।





