दो अंतराज्जीय वाहन चोर गिरफ्तार, कब्जे से 10 मोटरसाइकिल बरामद

जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। नोएडा थाना सेक्टर-63 पुलिस ने अन्तर्राज्यीय वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गैंग में शामिल दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 10 मोटरसाइकिल, दो अवैध चाकू एवं एक फर्जी नम्बर प्लेट बरामद की है। 
डीसीपी सेंट्रल शैलेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि थाना सेक्टर-63 नोएडा पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस एवं गोपनीय सूचना के आधार पर अन्तर्राज्यीय वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है।

पुलिस ने शौकत अली पुत्र मोहम्मद मियां एवं पवन कुमार पुत्र रमेश चंद्र को हिण्डन नदी के पुल के नीचे 25 फुटा रोड़ के पास से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे एवं निशादेही से चोरी की 10 मोटरसाइकिल, दो अवैध चाकू व एक फर्जी नम्बर प्लेट बरामद की है। डीसीपी ने बताया कि जब उक्त अभियुक्तों से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि वह दिल्ली एवं एनसीआर क्षेत्र में रैकी करके मोटरसाइकिलें चोरी करते थे। चोरी की गई मोटरसाइकिलों को विभिन्न स्थानों, जैसे पार्किंग, सड़क किनारे एवं ग्रीन बेल्ट में खड़ा कर देते थे और उन्हें बदल-बदलकर मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं में प्रयोग करते थे। इसके बाद चोरी की मोटरसाइकिलें कम कीमत पर राह चलते व्यक्तियों को बेच देते थे।