मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैर में लगी गोली, लूटी गई कार व हथियार बरामद

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक प्रथम पुलिस की कार लूटने वाले गिरोह के साथ मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने लूटी गई कार, मोबाइल फोन व अवैध हथियार बरामद किए हैं। 

एडीसीपी ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार ने बताया कि थाना ईकोटेक पुलिस यमुना पुस्ता एएमआर के पीछे चेकिंग कर रही थी। इसी दरमियान एक संदिग्ध कार आती हुई दिखाई दी। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर कार सवार युवकों ने नीचे उतरकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई, जिसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। घायल बदमाशों की पहचान रमन शर्मा पुत्र दिनेश शर्मा एवं अभिषेक सिंह पुत्र प्रमोद सिंह निवासी भिन्ड मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से लूटी गई स्विफ्ट डिजायर कार, एक लूटा गया मोबाइल फोन, दो अन्य मोबाइल, दो अवैध तमंचा व कारतूस बरामद किए हैं। 

एडीसीपी संतोष कुमार ने बताया कि बरामद की गई कार को अभियुक्तों ने ऊबर एप से दिल्ली से दनकौर जाने के लिए बुक कराई थी। इसके बाद यमुना यमुना एक्सप्रेस-वे पर वादी को तंमचा दिखाकर उसकी गाड़ी तथा मोबाइल फोन लूट लिया गया था। इस संबंध में 26 जुलाई को थाना इकोटेक प्रथम ने मामला पंजीकृत किया था। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिस सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज व गोपनीय सूचना की सहायता से मात्र 24 घंटे के अंदर लूट मामले का सफल अनावरण किया। पुलिस ने घायल अभियुक्तों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। साथ ही इनके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है।