सड़क पर खड़े पुलिसकर्मियों को रौंदा, इनोवा व थार से रेस लगा रहे थे दो सगे भाई

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ में रईसजादों का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक आॅटो पार्ट्स कारोबारी के बेटे ने अपनी इनोवा कार से सड़क किनारे खड़े 7 पुलिसकर्मियों को रौंद दिया। इस दौरान एक कांस्टेबल का पैर टूट गया जबकि दो के हाथों की खाल छिल गई। बाकी के मुंह और नाक में चोटें आईं हैं। सोमवार को जब सीसीटीवी की जांच की गई तो उसने दिख रहा है कि शनिवार देर रात ढाई बजे गश्त पर निकले पुलिसकर्मी रोड किनारे पुलिस लीप के पास खड़े थे। उसी दरमियान तेज रफ्तार इनोवा कार ने पुलिसकर्मियों को रौंद दिया और उनकी जीप में टक्कर मार दी। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि किसी को हिलने तक का समय नहीं मिला। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार की रफ्तार 100 से ज्यादा थी। टक्कर के बाद कांस्टेबल 5 फीट तक उछलकर दूर गिरे। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इनमें से 2 की हालत गंभीर है, जिन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।


बताया जा रहा है कि ब्रह्मपुरी थानाक्षेत्र के सुपरटेक पामग्रीन के मालिक रमन जोली के दो बेटे नमन जोली और अमन जोली  हैं। दोनों भाई शनिवार देर रात दिल्ली हाईवे पर अपनी इनोवा और थार गाड़ी से रेस लगा रहे थे। दोनों एक-दूसरे को ओवरटेक करने की होड़ में थे। इसी दौरान इनोवा चला रहे बड़े भाई नमन जोली कार बेकाबू हो गई। वहां पर ब्रह्मपुरी थाने की पुलिस टीम रात में जीप से गश्त पर निकली थी।

जीप में पांच पुलिसकर्मी मौजूद थे। टीपीनगर गेट के सामने स्थित हनुमान मंदिर के पास पुलिसकर्मी सड़क किनारे खड़े थे। तभी डायल-112 के दो पुलिसकर्मी बाइक से वहां पहुंच गए। सभी सात पुलिसकर्मी आपस में बातचीत कर रहे थे। तभी बेकाबू इनोवा कार ने उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे में कांस्टेबल लोकेन्द्र पंवार, कांस्टेबल सतेंद्र कुमार, कांस्टेबल विक्रम सिंह, कांस्टेबल कपिल भाटी, कांस्टेबल राजेश कुमार और हेड कांस्टेबल रविन्द्र मलिक समेत सात पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों को पहले केएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उन्हें न्यूटिमा अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल हेड कांस्टेबल रविन्द्र मलिक की हालत नाजुक बनी हुई है। उनके पैर में फ्रैक्चर हुआ है। उनका आॅपरेशन किया गया। बाकी घायल पुलिसकर्मियों का इलाज कर रहा है। सभी को छुट्टी भी दी गई है।