यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की तैयारियां तेज, शिक्षण संस्थानों के साथ डीएम ने की बैठक

जन प्रवाद, ब्यूरो।
ग्रेटर नोएडा। आगामी 25 से 29 सितंबर तक चलने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 की तैयारियों जोरों पर हैं। ट्रेड शो का चतुर्थ संंस्करण का सफल आयोजन हो सके इसके लिए लगातार बैठकों का दौर जारी है। सोमवार को एनआईसी सभागार में विभिन्न स्कूल-कॉलेजों के प्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक हुई।


बैठक में जिलाधिकारी मेधा रूपम ने शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि जनपद के अधिक से अधिक स्कूल एवं कॉलेज के विद्यार्थियों को यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया जाए। ट्रेड शो में विद्यार्थियों के लिए क्विज, बैटल आॅफ द बैंड्स प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। साथ ही विद्यार्थियों को विभिन्न टास्क दिए जाएंगे। टास्क पूर्ण करने वाले विद्यार्थियों को ट्रेड एक्सपो पासपोर्ट प्रदान किए जाएंगे। मार्गदर्शन के लिए करियर काउंसलिंग के विशेष सत्र तथा विभिन्न करियर विकल्पों से संबंधित स्टॉल भी लगाए जाएंगे। डीएम मेधा रूपम ने कहा कि ट्रेड शो विद्यार्थियों को उद्योग, व्यापार, नई तकनीक, रोजगार एवं करियर के विभिन्न अवसरों को समझने और अपने ज्ञान एवं कौशल का विस्तार करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।


यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 के माध्यम से उत्तर प्रदेश की क्राफ्ट, कल्चर एवं कुजीन को व्यापक मंच प्रदान किया जाएगा। ट्रेड शो में प्रदेश के विभिन्न उत्पादों का एक ही छत के नीचे प्रदर्शन, स्थानीय हस्तशिल्प एवं उत्पादों की ब्रांडिंग, उद्यमियों एवं खरीदारों के बीच संपर्क तथा व्यापारिक अवसरों को बढ़ावा देने की दिशा में विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी। वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) के अंतर्गत जनपदों के विशिष्ट उत्पादों, स्थानीय कारीगरों एवं उद्यमियों को अपने उत्पादों को व्यापक बाजार से जोड़ने का अवसर मिलेगा।
ट्रेड शो में आगंतुकों को उत्तर प्रदेश की विरासत, परंपराओं एवं खान-पान से परिचित कराने के साथ ही प्रदेश की समृद्ध कला एवं संस्कृति को अनुभव करने का अवसर मिलेगा। आयोजन के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने, उद्यमियों को सशक्त बनाने, एमएसएमई एवं स्टार्टअप्स को प्रोत्साहित करने तथा प्रदेश की कला, संस्कृति एवं विरासत को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित किया जाएगा।


जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्कूल-कॉलेजों से समन्वय स्थापित करते हुए विद्यार्थियों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाए। विद्यार्थियों के आवागमन एवं ट्रेड शो में प्रतिभाग करने के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं। इस कार्य के लिए नोडल अधिकारी नामित करते हुए संबंधित स्कूल-कॉलेजों के साथ नियमित समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि ट्रेड शो के विभिन्न कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, वीवीआईपी, वीआईपी, आरडब्ल्यूए, विभिन्न एसोसिएशनों, उद्यमियों एवं अन्य महत्वपूर्ण हितधारकों को समय से आमंत्रित किया जाए तथा सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से उनकी सहभागिता सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार पांडेय, डिप्टी कलेक्टर अरुण कुमार, पूर्वा शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) डॉ. उदित नारायण पाण्डेय, सीईओ इंडिया एक्सपो मार्ट ग्रेटर नोएडा सुदीप सरकार, संबंधित अधिकारी एवं विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।